-
तीन माह में दूसरी बार बढ़े दाम
-
29 रुपये महंगा हुआ एलपीजी सिलेंडर
-
कांग्रेस ने बताया गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई पर हमला
भुवनेश्वर। तेल विपणन कंपनियों द्वारा की गई दाम में बढ़ोतरी से राजधानी भुवनेश्वर में रविवार से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 29 रुपये बढ़कर 968 रुपये हो गई है। इससे पहले शहर में यह सिलेंडर 939 रुपये में उपलब्ध था। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि की गई है।
तेल विपणन कंपनियों द्वारा की गई इस बढ़ोतरी के बाद आम उपभोक्ताओं, खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका है। इससे पहले 7 मार्च को भी घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी।
जानकारी के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। एलपीजी मूल्य निर्धारण के लिए प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मानक माने जाने वाले सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस (सीपी) में फरवरी की शुरुआत से लगभग 46 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ रहा है।
भारत अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है। देश अपनी एलपीजी जरूरत का लगभग 90 प्रतिशत और कच्चे तेल का करीब 40 प्रतिशत आयात करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ता है।
गैस मूल्य वृद्धि पर कांग्रेस का हमला
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के बाद ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने केंद्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि 29 रुपये की बढ़ोतरी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के रसोई बजट पर सीधा प्रहार है।
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में भक्त चरण दास ने कहा कि पहले से ही बढ़ती महंगाई के कारण आम लोग परेशान हैं और जीवन-यापन का खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में लोगों को राहत देने के बजाय घरेलू गैस की कीमत बढ़ाकर उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है।
बढ़ती जा रही हैं आम लोगों की मुश्किलें
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उनके अनुसार महंगाई की मार झेल रहे परिवारों के लिए रसोई का खर्च संभालना दिन-प्रतिदिन और कठिन होता जा रहा है।
घरेलू गैस की कीमतों में नई वृद्धि के बाद राजधानी के उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच रसोई का बजट और अधिक प्रभावित होने की संभावना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
