-
आय से अधिक संपत्ति मामले में ओडिशा विजिलेंस ने की बड़ी कार्रवाई
भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने रविवार को कंधमाल जिले के बालिगुड़ा स्थित आईटीडीए में सहायक कार्यपालक अभियंता बैकुंठ नाथ बेहरा को आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार किया है। उन्हें आज विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस), भुवनेश्वर की अदालत में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस के अनुसार, शनिवार आरोपी अधिकारी के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ की गई छापेमारी में भारी मात्रा में संपत्ति का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि उनके पास लगभग 20,000 वर्गफीट से अधिक क्षेत्रफल में फैली पांच बहुमंजिला इमारतें हैं, जिनमें से चार इमारतें भुवनेश्वर में स्थित बताई जा रही हैं। इसके अलावा 14 उच्च-मूल्य की भू-संपत्तियां, ₹2.04 करोड़ से अधिक नकद, लगभग 500 ग्राम सोना तथा करीब ₹45 लाख की बैंक जमा राशि बरामद हुई है।
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी द्वारा संचालित एक अन्य लॉकर, जो उनकी पत्नी के नाम पर है, अभी खोला जाना शेष है, जिससे आगे और संपत्ति मिलने की संभावना है।
इस मामले में विजिलेंस सेल पुलिस स्टेशन केस संख्या 4/2026 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत दर्ज किया गया है। विजिलेंस विभाग ने कहा है कि मामले की आगे की जांच जारी है तथा अन्य संभावित संपत्तियों और लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।
पिछले दो वर्षों में प्रमुख नकद बरामदगी
ओडिशा विजिलेंस ने पिछले दो वर्षों में कई बड़ी कार्रवाईयों के दौरान भारी नकद बरामद किया है।
– 2.04 करोड़ – बैकुंठ नाथ बेहरा, एईई, आईटीडीए बालिगुड़ा, कंधमाल (06.06.2026)
– 4,28,33,600 – देवब्रत मोहंती, उप निदेशक खनन, कटक सर्कल (24–25.02.2026) (खनन अधिकारी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी नकद बरामदगी)
– 73.66 लाख – जितेंद्र कुमार पंडा, अतिरिक्त तहसीलदार, बारंग कटक (30.12.2025)
– 1.43 करोड़ – रामचंद्र नेपक, डिप्टी रेंजर, जयपुर फॉरेस्ट रेंज, कोरापुट (25.07.2025)
– 2.56 करोड़ – बैकुंठ नाथ षाड़ंगी, मुख्य अभियंता, प्लान रोड्स, आरडब्ल्यू विभाग, भुवनेश्वर (30.05.2025)
– 2.08 करोड़ – शंतनु मोहंती, उप निदेशक एवं परियोजना निदेशक, वाटरशेड, मालकानगिरि (06.02.2025)
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
