-
अब कचरा प्रबंधन योजना के बिना नहीं मिलेगी अनुमति
-
पुरी में रथयात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा
-
उषा पाढ़ी ने नागरिक सुविधाओं, पार्किंग और जनस्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर दिया जोर
पुरी। पुरी की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को पका हुआ भोजन वितरित करने वाली सामाजिक संस्थाओं के लिए इस बार प्रशासन ने नई शर्तें तय की हैं। अब केवल उन्हीं संस्थाओं को भोजन वितरण की अनुमति मिलेगी, जो प्रभावी अपशिष्ट (कचरा) प्रबंधन की स्पष्ट योजना प्रस्तुत करेंगी।
आवास एवं शहरी विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाढ़ी ने पुरी सर्किट हाउस में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पार्किंग व्यवस्था, वाहन चालकों के विश्राम स्थलों, स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा के निकट आते ही ओडिशा सरकार ने पुरी में श्रद्धालुओं की सुचारु, सुरक्षित और स्वच्छ आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों को और तेज कर दिया है।
समीक्षा के दौरान पाढ़ी ने नगर क्षेत्र के अंतर्गत सभी सड़क मरम्मत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने, नालियों की व्यापक सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग, अस्थायी पार्किंग व्यवस्था तथा निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
24 घंटे सार्वजनिक शौचालय सुविधाएं उपलब्ध होंगी
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रथयात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए 24 घंटे सार्वजनिक शौचालय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े प्रवर्तन उपायों पर भी जोर दिया और कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या निर्माण सामग्री डालने वाले व्यक्तियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बिल्डरों पर भारी जुर्माना लगाया जाए।
जिला कलेक्टर को निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में यह भी बताया गया कि नगर एवं शहरी विकास विभाग तथा संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वित कार्य योजना के तहत सभी तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। पाढ़ी ने पुरी जिला कलेक्टर दिव्य ज्योति परिडा को साप्ताहिक समीक्षा कर कार्यों की प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल निकासी एवं स्टॉर्म वॉटर मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान
मानसून को देखते हुए बड़दांड पर जल निकासी एवं स्टॉर्म वॉटर मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुरी नगर निगम की आयुक्त श्रीमती अरुगुला स्नेहा ने बताया कि 30 जून तक यात्रा मार्ग के सभी खुले नालों को कंक्रीट स्लैब से ढकने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
दिन में दो बार चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान
नगर में सफाई व्यवस्था के तहत दिन में दो बार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है तथा नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। सड़कों से आवारा पशुओं को हटाकर उन्हें निर्धारित गौशालाओं एवं अस्थायी आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया जा रहा है।
विभिन्न परियोजना स्थलों का स्थल निरीक्षण किया
समीक्षा बैठक के बाद उषा पाढ़ी ने जिला कलेक्टर, नगर आयुक्त तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजना स्थलों का स्थल निरीक्षण किया और चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
