Home / Odisha / भुवनेश्वर में कैट ने उठाई व्यापारियों की समस्याएं
CAIT

भुवनेश्वर में कैट ने उठाई व्यापारियों की समस्याएं

  •         जीएसटी व्यवस्था को और सरल बनाने की मांग

  •         कैट भुवनेश्वर चैप्टर के शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

  •         राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले – सरल नियमों से बढ़ेगा व्यापार और राजस्व

भुवनेश्वर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के भुवनेश्वर चैप्टर के शपथ ग्रहण एवं पदस्थापन समारोह में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। इस अवसर पर संगठन ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) व्यवस्था को और अधिक सरल बनाने की मांग करते हुए कहा कि कर संग्रह में रिकॉर्ड वृद्धि के बावजूद जमीनी स्तर पर व्यापारियों को अब भी कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

समारोह में कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी देश की सबसे बड़ी कर सुधार योजनाओं में से एक है। इसके लागू होने के बाद कर प्रणाली अधिक व्यवस्थित हुई है और कई पुराने कर विभागों की आवश्यकता समाप्त हो गई। उन्होंने बताया कि जीएसटी लागू होने के शुरुआती दौर में मासिक कर संग्रह लगभग 40 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार कर व्यवस्था को सरल बनाने के प्रयास कर रही है, लेकिन इसका पूरा लाभ अभी तक छोटे और मध्यम व्यापारियों तक नहीं पहुंच पाया है। नियमों और प्रक्रियाओं को और अधिक आसान बनाए जाने की आवश्यकता है ताकि अधिक से अधिक व्यापारी औपचारिक कर व्यवस्था से जुड़ सकें।

सात गुना बढ़ा जीएसटी संग्रह

कैट ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2017 में जीएसटी लागू होने के समय मासिक कर संग्रह करीब 40 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। यह सात गुना वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि देश के व्यापारियों ने कर आधार बढ़ाने और राजस्व संग्रह में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि कर प्रक्रियाओं को और सरल बनाकर तथा अनावश्यक कागजी औपचारिकताओं को कम करके व्यापारिक गतिविधियों को गति दी जा सकती है। इससे सरकार का राजस्व बढ़ेगा, व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा और उपभोक्ताओं को भी लाभ पहुंचेगा।

नरेश कुमार अग्रवाल ने संभाली भुवनेश्वर चैप्टर की कमान

समारोह में नरेश कुमार अग्रवाल ने वर्ष 2026-28 के लिए कैट भुवनेश्वर चैप्टर के अध्यक्ष पद की शपथ ली। उनके साथ नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों ने भी शपथ ग्रहण की, जिनमें शालीन अग्रवाल सचिव, मुन्ना लाल अग्रवाल कोषाध्यक्ष, सुब्रमणियम पात्र उपाध्यक्ष,

निहारिका लाड़िया संयुक्त सचिव, राजेश पात्र जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) शामिल हैं।

व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का संकल्प

नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेश कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी टीम व्यापारियों और उद्यमियों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को प्राथमिकता देगी। इनमें जीएसटी, आयकर संबंधी समस्याएं, आईडीसीओ भूमि आवंटन, बैंक एवं एनबीएफसी ऋण सुविधाएं, विद्युत कनेक्शन, व्यापारिक आधारभूत संरचना और व्यवसाय संचालन में आने वाली अन्य कठिनाइयां शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि कैट भुवनेश्वर चैप्टर को एक सशक्त और सक्रिय संगठन के रूप में विकसित किया जाएगा, जो व्यापारिक समुदाय और शासन-प्रशासन के बीच प्रभावी सेतु का कार्य करेगा।

राष्ट्रीय और राज्य नेतृत्व की रही मौजूदगी

समारोह में कैट के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें बृजमोहन अग्रवाल, राष्ट्रीय चैयरमैन, कैट भारत, राजकुमार शुक्ला राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, कैट भारत,

सुधाकर पंडा राष्ट्रीय संयुक्त सचिव (पूर्वी क्षेत्र), कैट भारत, गोविंद अग्रवाल, राज्य चेयरमैन, कैट ओडिशा तथा जितेंद्र कुमार गुप्ता प्रदेश अध्यक्ष, कैट ओडिशा, सीए अमित दारूका राज्य महासचिव, कैट ओडिशा, प्रकाश जैन राज्य उपाध्यक्ष, कैट ओडिशा, सीए हिमांशु शेखर राज्य कोषाध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उद्योग और व्यापार जगत की हस्तियों ने की भागीदारी

कार्यक्रम में उद्योग एवं व्यापार जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल हुईं। इनमें नंदकिशोर अग्रवाल (कैपिटल एंटरप्राइजेज), सचिन राजू, आइनेश पात्र, गोपाल अग्रवाल, प्रदीप्त पात्र, पवन जाजोदिया  तथा जय प्रकाश बिस्वाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। समारोह के अंत में उपस्थित व्यापारियों और सदस्यों ने ओडिशा, विशेषकर भुवनेश्वर के व्यापारिक समुदाय के हितों की रक्षा और उन्नति के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …