Home / Odisha / ओडिशा में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू

ओडिशा में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू

  •  30 मई से 28 जून तक घर-घर जाएंगे बीएलओ

  •  6 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

भुवनेश्वर। ओडिशा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की शुरुआत 30 मई से होने जा रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरएस गोपालन ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) 30 मई से 28 जून तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मतदाता को दो पूर्व-मुद्रित गणना प्रपत्र दिए जाएंगे। इनमें से एक प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करना होगा, जबकि दूसरा प्रपत्र मतदाता के पास रसीद के रूप में रहेगा। नागरिक निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी प्रपत्र डाउनलोड और अपलोड कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 5 जुलाई को किया जाएगा। इसके बाद 4 अगस्त तक दावा और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 2 सितंबर तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 6 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार राज्य में अब तक 3 करोड़ 16 लाख 3 हजार 323 मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है, जो कुल मतदाताओं का 94.61 प्रतिशत है। इस दौरान बीएलओ द्वारा करीब 17 प्रतिशत तार्किक त्रुटियों की पहचान की गई है, जिन्हें पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान ठीक किया जाएगा।
आर. एस. गोपालन ने कहा कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा तथा इसमें राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 33 हजार से अधिक बूथ स्तरीय एजेंट नियुक्त किए जा चुके हैं। वहीं राज्यभर में 45 हजार 255 बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कार्य करेंगे।
भीषण गर्मी को देखते हुए बीएलओ की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7 बजे तक ही क्षेत्र भ्रमण करने को कहा गया है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस और निर्वाचन अधिकारी तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगे।
Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …