Home / Odisha / ओडिशा में कालबैसाखी का कहर
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में कालबैसाखी का कहर

  •  मयूरभंज में पेड़ की डाल गिरने से नाबालिग लड़की की मौत

  •  देवगढ़ में युवक गंभीर रूप से घायल

  •   तेज आंधी-तूफान से भारी तबाही

  •  कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

भुवनेश्वर। ओडिशा के कई हिस्सों में सोमवार को आए भीषण कालबैसाखी तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी, मूसलधार बारिश और बिजली कड़कने के साथ आए इस तूफान ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तूफान की चपेट में आने से मयूरभंज जिले में एक नाबालिग लड़की की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, मकानों की छतें उड़ गईं और सड़क संपर्क बाधित हो गया। कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही।

मयूरभंज में दर्दनाक हादसा

मयूरभंज जिले के ठाकुरमुंडा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में नाबालिग लड़की की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, बालिपोसी गांव में लड़की अपनी मां के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज हवा के कारण पेड़ की एक बड़ी डाल टूटकर उन पर गिर गई।

घटना में मां-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। उसकी मां का इलाज जारी है।

तूफान के कारण करंजिया-ठाकुरमुंडा मुख्य सड़क पर भी एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया। आसपास के गांवों में कई घरों को भी नुकसान पहुंचा।

देवगढ़ में हॉकी प्रशिक्षण केंद्र पर हादसा

देवगढ़ जिले में तूफान के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोरडापाल गांव स्थित हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में हुई, जहां निर्माण कार्य चल रहा था।

बताया जा रहा है कि तेज हवाओं में उड़कर आए टिन एस्बेस्टस शीट ने मजदूर निशिकांत प्रधान को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसका हाथ और कंधा गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे देवगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर बाद में बुर्ला रेफर किया गया।

कई गांवों में मकानों को भारी नुकसान

तूफान ने टिलेईबनी, रेमल और बरकोट ब्लॉकों के कई गांवों में भारी तबाही मचाई। शाम करीब चार से पांच बजे के बीच आए तेज तूफान और बारिश ने लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी।

टिलेईबनी ब्लॉक के तालाबहाली गांव में कई घरों की छतें उड़ गईं, जिससे कई परिवार बेघर हो गए। धोलपाड़ा पंचायत के मरदंग गांव में पोल्ट्री फार्म और कई मकानों को गंभीर नुकसान पहुंचा। रंगलता साहू, फणींद्र दास, भरत आदाबर समेत कई परिवारों ने एस्बेस्टस छतें गिरने की शिकायत की है।

बरकोट ब्लॉक के दंतरीबहाल बाजार में एक विशाल आम का पेड़ गिरने से दंतरीबहाल-तुसुला सड़क घंटों तक बंद रही। कुसुमकटा, गायरमुंडा और बड़ाबहाली गांवों में भी मकानों की छतें उड़ने और बिजली कटौती की घटनाएं सामने आईं। रेमल ब्लॉक के नवाडीही और बैलेडीही गांवों में 15 से अधिक घरों की छतें तेज हवा में उड़ गईं।

बिजली व्यवस्था ध्वस्त, सड़क संपर्क बाधित

तूफान के दौरान कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से सड़क संपर्क बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कों से पेड़ हटाने का प्रयास किया, लेकिन टूटे बिजली तारों के कारण लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं हो सकी।

कई गांवों में अंधेरा छा गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परिवहन व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही।

बेघर हुए परिवार, मुआवजे की मांग तेज

तूफान के बाद कई परिवारों को अस्थायी ठिकानों में शरण लेनी पड़ी। लोगों के घरों के साथ घरेलू सामान और आजीविका के साधनों को भी नुकसान पहुंचा है।

प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन और राजस्व विभाग ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने सरकार से तत्काल मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है ताकि वे अपने घरों का पुनर्निर्माण कर सकें।

आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने ओडिशा के विभिन्न हिस्सों के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …