-
हरसंभव सरकारी सहयोग का भरोसा
-
रोजगार और औद्योगिक विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को खुर्दा स्थित ट्राइमेट्रो गारमेंट्स (एपिक ग्रुप) की अत्याधुनिक विनिर्माण इकाई का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों से बातचीत कर राज्य सरकार की ओर से संचालन और भविष्य के विस्तार के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा सरकार वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धी विनिर्माण इकाइयों और रोजगार आधारित औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
376 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित हुई यूनिट
हांगकांग मुख्यालय वाली परिधान निर्माता कंपनी एपिक ग्रुप की भारत में यह पहली इकाई है, जिसे 376 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित किया गया है। इस परियोजना में 7,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है।
यूरोप और जापान को हो रहा निर्यात
यह गारमेंट्स यूनिट यूरोप और जापान जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में परिधानों का निर्यात कर रही है, जिससे ओडिशा की वैश्विक परिधान आपूर्ति श्रृंखला में भागीदारी और मजबूत हुई है।
एक साल से कम समय में तैयार हुई परियोजना
राज्य सरकार के अनुसार, अप्रैल 2025 में भूमिपूजन से शुरू हुई यह परियोजना एक वर्ष से भी कम समय में तैयार होकर शुरू हो गई। इसे ओडिशा के तेज और परिणाम आधारित औद्योगिक तंत्र का उदाहरण माना जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
