-
पत्थर से हमला कर व्यक्ति की हत्या
-
पुलिस थाने से 100 मीटर दूर हुई वारदात
-
अब तक पांच लोग हिरासत में
केंद्रापड़ा। जिले में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद ने रविवार रात खूनी रूप ले लिया। शहर के सांतासाही इलाके में पत्थर से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। यह घटना केंद्रापड़ा टाउन थाना से महज 100 मीटर दूरी पर हुई।
मृतक की पहचान सुभाष बारिक के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस ने पूछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
लंबे समय से चल रहा था जमीन विवाद
सूत्रों के अनुसार, सुभाष बारिक और उनके रिश्तेदार भतीजे के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले को लेकर पहले भी कई बार थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी।
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 10 बजे सुभाष काम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के पास दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर हिमांशु ने पास में पड़े बड़े पत्थर से सुभाष पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन तुरंत सुभाष को जिला मुख्यालय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार को वैज्ञानिक टीम ने घटनास्थल का दौरा कर जांच शुरू की और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान को जब्त किया। वहीं केंद्रापड़ा एसपी सिद्धार्थ कटारिया ने भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की समीक्षा की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
