भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने ओडिशा के उभरते धावक अनीमेष कुजूर को 100 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में नवीन पटनायक ने कहा कि अनीमेष कुजूर ने 29वीं सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता-2026 में 10.15 सेकेंड का समय दर्ज कर 100 मीटर स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने वर्ष 2026 के राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
नवीन पटनायक ने अनीमेष की इस उपलब्धि को भारतीय एथलेटिक्स के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अनीमेष कुजूर भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छुएंगे तथा भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगे। नेता प्रतिपक्ष ने युवा धावक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी खेल अभियानों के लिए शुभकामनाएं दीं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
