-
मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर ले रहे थे रिश्वत
भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने गुरुवार को खुर्दा जिले के हलदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत पुरुष स्वास्थ्य कर्मी विभूति भूषण साहू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर शिकायतकर्ता से उसके दिवंगत माता-पिता के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए 1,000 रुपये रिश्वत मांगने और लेने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपने माता-पिता के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने हेतु खुर्दा के उप-जिलाधिकारी समक्ष आवेदन दिया था। उप-जिलाधिकारी ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जन्म एवं मृत्यु पंजीयक सह चिकित्सा अधिकारी, हलदिया के को प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया था।
आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी साहू ने फाइल आगे बढ़ाने और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए शिकायतकर्ता से 1,000 रुपये रिश्वत की मांग की। आरोपी ने कथित रूप से रिश्वत राशि दिए बिना कार्य करने से इनकार कर दिया।
लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने ओडिशा विजिलेंस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाकर गुरुवार को आरोपी श्री साहू को शिकायतकर्ता से 1,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर जब्त कर ली गई है।
ट्रैप कार्रवाई के बाद विजिलेंस की टीम आरोपी से जुड़े दो ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के दृष्टिकोण से एक साथ तलाशी अभियान चला रही है।
इस संबंध में भुवनेश्वर विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी विभूति भूषण साहू के खिलाफ आगे की जांच जारी है। विजिलेंस विभाग ने कहा है कि मामले में विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
