-
संबलपुर के बाद गंजाम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
-
कुख्यात गैंगस्टर दीपू नायक पैर में गोली लगने से घायल
-
मुख्यमंत्री ने नक्सलविरोधी अभियान की तर्ज पर सख्त कार्रवाई का दिया था निर्देश
-
ओडिशा पुलिस लगातार एक्शन मोड में
ब्रह्मपुर/भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी द्वारा अपराधियों पर नकेल कसने और नक्सलविरोधी अभियान की तर्ज पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश के बाद ओडिशा पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। संबलपुर में हालिया पुलिस कार्रवाई के बाद अब ब्रह्मपुर में दूसरा बड़ा एनकाउंटर हुआ है, जिसमें कुख्यात अपराधी दीपून नायक उर्फ दीपू (35) घायल हो गया।
गंजाम जिले के बैद्यनाथपुर थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ को राज्य में अपराध सिंडिकेट के खिलाफ बड़े अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस कार्रवाई के बाद अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
ब्रह्मपुर एसपी डॉ सरवण विवेक एम के अनुसार, दीपू नायक विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज कम से कम पांच आपराधिक मामलों में वांछित था। बैद्यनाथपुर पुलिस की टीम उसे उसके गांव लांजियापल्ली दीप साही से गिरफ्तार करने पहुंची थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें दीपू के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अपराधी को तुरंत ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है।
रंगदारी, बालू माफिया और जमीन कब्जा गिरोह पर शिकंजा
गंजाम जिले में लंबे समय से रंगदारी, जमीन कब्जा, बालू तस्करी, अवैध शराब कारोबार, जुआ अड्डों, अपहरण और सुपारी हत्या जैसे अपराधों से लोग दहशत में थे। स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों ने लगातार “दादा” गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
कई चर्चित हत्या और अपहरण मामलों में कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे थे। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई गंजाम में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
डीजीपी की अपराधियों को चेतावनी, ओडिशा में कोई जगह नहीं
इस बीच ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने रविवार को अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और अपराध करने की योजना बना रहे लोगों को पुलिस एनकाउंटर के लिए तैयार रहना चाहिए।
डीजीपी ने कहा कि अपराधियों को ब्रह्मपुर और संबलपुर में हुए हालिया पुलिस एनकाउंटर से सबक लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा।
पांच दिनों में 1700 से अधिक वारंट निष्पादित
डीजीपी के अनुसार, राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले पांच दिनों में 1,700 से अधिक गैर-जमानती वारंट निष्पादित किए गए हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत छह लोगों पर कार्रवाई की गई है, जबकि 50 से अधिक फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि रिहा हो चुके कैदियों और आदतन अपराधियों पर खुफिया निगरानी रखी जा रही है। नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान अगले 10 दिनों तक जारी रहेगा।
डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर पुलिसिंग मजबूत करने तथा सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
