Home / Odisha / ओएमसी ओडिशा की आर्थिक प्रगति का मजबूत स्तंभ : मोहन माझी

ओएमसी ओडिशा की आर्थिक प्रगति का मजबूत स्तंभ : मोहन माझी

  •     देशभर में विस्तार और क्रिटिकल मिनरल क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाने की दिशा में बढ़ रहा ओएमसी

  •     बांगुर क्रोमाइट खदान से प्लेटिनम ग्रुप एलिमेंट निकासी की दिशा में पहल

भुवनेश्वर। ओडिशा खनन निगम (ओएमसी) के 71वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओएमसी को राज्य की आर्थिक विकास यात्रा का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि ओएमसी ओडिशा की सीमाओं से बाहर निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर एक अग्रणी खनन कंपनी के रूप में अपनी पहचान स्थापित करे।

लोक सेवा भवन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओएमसी अब केवल एक व्यावसायिक संस्था नहीं, बल्कि ओडिशा की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति का मजबूत स्तंभ बन चुका है। उन्होंने राज्य में मूल्य संवर्धन और औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ देशभर में विस्तार की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

केंदुझर की खान से प्लैटिनम समूह तत्व निकालने में सफलता

मुख्यमंत्री ने एक बड़ी उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि केंदुझर जिले की बांगुर क्रोमाइट खान से प्लैटिनम ग्रुप एलिमेंट्स (पीजीई) निकालने के लिए ओएमसी ने सफल पायलट परीक्षण पूरा कर लिया है। इससे ओडिशा स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और अगली पीढ़ी के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए जरूरी क्रिटिकल मिनरल्स का प्रमुख आपूर्तिकर्ता बन सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल भारत के हरित ऊर्जा परिवर्तन और “समृद्ध ओडिशा एट 2036” विजन को मजबूत आधार देगी।

स्थानीय युवाओं को रोजगार और खनन क्षेत्रों के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने ओएमसी से खनन के साथ-साथ डाउनस्ट्रीम उद्योगों पर भी ध्यान देने और अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना सरकार और निगम दोनों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, महिला सशक्तिकरण, खेल और बुनियादी ढांचे के विकास में ओएमसी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों की सराहना की।

 वर्ष 2025-26 में 25 हजार करोड़ रुपये का कारोबार

भुवनेश्वर स्थित लोकसेवा कान्वेंशन सेंटर  में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 1960 के दशक में मात्र एक करोड़ रुपये के कारोबार से शुरुआत करने वाला ओएमसी वर्ष 2025-26 में 25 हजार करोड़ रुपये का कारोबार कर चुका है। इसके साथ ही 45 मिलियन टन खनिज उत्पादन कर निगम ने नया रिकॉर्ड स्थापित किया है और देश की अग्रणी खनन कंपनियों में अपनी पहचान बनाई है।

ओएमसी के कार्यों की सराहना की

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ओएमसी पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित खनन संचालन और खनन क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी कार्यक्रमों के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, महिला सशक्तिकरण, खेल और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे खनन क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है।

चार प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें कालियापानी स्थित ओडिशा माइनिंग आइडियल स्कूल का स्थायी परिसर, खनन क्षेत्रों के लिए आठ अत्याधुनिक बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस, नया इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा “ओ-स्वास्थ्य” डिजिटल हेल्थ मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म शामिल हैं। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों और क्षेत्रों को सम्मानित भी किया गया।

औद्योगिक विकास में ओएमसी की अहम भूमिका

विकास आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डीके सिंह ने ओडिशा के औद्योगिक विकास में ओएमसी के योगदान की सराहना की। वहीं ओएमसी के अध्यक्ष गिरीश एसएन और प्रबंध निदेशक सुधांशु मोहन सामल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

वैश्विक स्तर पर लौह अयस्क, बॉक्साइट और क्रोमाइट की बढ़ती मांग के बीच ओएमसी अब देश की जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिटिकल मिनरल बाजार में भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …