-
भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज
नयागढ़। ओडिशा की क्षेत्रीय पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) को नयागढ़ जिले में बड़ा झटका लगा है। नयागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष किशोर साहू ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों के अनुसार, किशोर साहू ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक को भेज दिया है। उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि वह जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
किशोर साहू की नयागढ़ जिले में जमीनी स्तर पर अच्छी राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। वर्ष 2017 में वह भाटसाही पंचायत के सरपंच चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 2021 में समिति सदस्य निर्वाचित होने के बाद उन्हें ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया। वर्तमान में उनकी पत्नी भाटसाही पंचायत की सरपंच हैं।
राजनीति के साथ-साथ किशोर साहू ओडिशा के केंदुझर और तालचेर क्षेत्रों में परिवहन व्यवसाय भी संचालित करते हैं। हालांकि उन्होंने अपने भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर अभी खुलकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन माना जा रहा है कि वह जल्द ही सत्तारूढ़ भाजपा का दामन थाम सकते हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
