-
सैनिक स्कूल के निकट निर्माणाधीन कलामंडल परियोजना के कार्यों की समीक्षा की
भुवनेश्वर। राज्य के उच्च शिक्षा व संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने मंगलवार को भुवनेश्वर स्थित सैनिक स्कूल के निकट निर्माणाधीन कलामंडल परियोजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कलामंडल परियोजना की प्रगति को लेकर सोमवार को संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व मंत्री ने निर्माणाधीन परिसर का दौरा कर कार्यों का निरीक्षण किया तथा परियोजना की गति तेज करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
करीब 173 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहे कलामंडल परिसर में 2000 सीटों वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और 500 सीटों की क्षमता वाला मुक्ताकाश रंगमंच तैयार किया जा रहा है। मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश संस्कृति विभाग और इडको अधिकारियों को दिए।
उन्होंने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, दृश्य-श्रव्य सुविधाओं तथा वीडियो वॉल और एलईडी इंस्टॉलेशन जैसे तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि कलामंडल परियोजना का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कला एवं संस्कृति क्षेत्र के विशिष्ट व्यक्तियों के सुझावों के आधार पर ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग तथा इडको के समन्वय से परियोजना का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद कलामंडल का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। राज्य का यह सबसे बड़ा ऑडिटोरियम और मुक्ताकाश रंगमंच ओडिशा की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा तथा ओड़िया संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
समीक्षा बैठक में ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ विजय केतन उपाध्याय, इडको के प्रबंध निदेशक डॉ डी प्रशांत कुमार रेड्डी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
