भुवनेश्वर। संतकवि भीम भोई की जयंती के अवसर पर आज ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। ओडिशा विधानसभा परिसर के समीप स्थित संतकवि भीम भोई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ उन्होंने संतकवि के योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष पाढ़ी ने कहा कि संतकवि भीम भोई ओड़िया समाज के लिए एक आदर्श व्यक्तित्व हैं। उन्होंने कहा कि “प्राणियों के असीम दुख को देखकर मेरा जीवन भले ही नरक में चला जाए, लेकिन जगत का उद्धार हो” जैसी उनकी महान विचारधारा आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रही है।
उन्होंने संतकवि भीम भोई की जयंती पर उन्हें गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं और मानवीय संदेश समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
कार्यक्रम में ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज, ओडिशा विधानसभा के सचिव सत्यव्रत राउत तथा ओडिया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग की उपनिदेशक देवजानी भुइयां सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित रहकर संतकवि भीम भोई को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
