-
24 घंटे में तीन युवकों की हत्या ने बढ़ाई दहशत
-
झारसुगुड़ा, नयागढ़ और रायगड़ा जिलों में तनाव
-
अभी शांत भी नहीं हुई हैं बालियंता और बालिपाटा की घटनाएं
भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बालियंता और बालिपाटना में मॉब लिंचिंग तथा हत्या की घटनाओं का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब झारसुगुड़ा, नयागढ़ और रायगड़ा जिलों में 24 घंटे के भीतर तीन युवकों की हत्या से पूरे राज्य में सनसनी फैल गई है। कहीं भुजाली से हमला कर हत्या की गई, कहीं माइनिंग माफिया ने युवक को काट डाला तो कहीं अपहरण के बाद शव नदी किनारे मिला।
झारसुगुड़ा में भुजाली हमला, युवक की मौत
झारसुगुड़ा जिले के बेलपहाड़ गेट इलाके में रविवार देर रात हुए हिंसक हमले में राहुल महत नामक युवक की मौत हो गई, जबकि आकाश साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बेलपहाड़ के जुनाडीही कॉलेज क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार अज्ञात युवक कार में पहुंचे और धारदार हथियारों से दोनों पर हमला कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल आकाश को पहले लखनपुर अस्पताल पहुंचाया, बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, ब्रजराजनगर एसडीपीओ और बेलपहाड़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश या स्थानीय गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
नयागढ़ में युवक की निर्मम हत्या, हाथ काटे गए
नयागढ़ जिले में माइनिंग माफिया की कथित बर्बरता ने लोगों को झकझोर दिया। ओडागांव थाना क्षेत्र के कदलिबंधा गांव के पास अजीत साहू नामक युवक की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसके हाथ काट दिए और पैरों पर भी गंभीर वार किए।
बताया जा रहा है कि अजीत और उसके साथी अवैध पत्थर परिवहन कर रहे ट्रकों को रोकने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान माफिया के लोगों ने उसे पुलिस का मुखबिर समझकर हमला कर दिया। अन्य युवक वहां से भाग निकले, लेकिन अजीत हमलावरों के चंगुल में फंस गया।
सोमवार सुबह शव मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने नयागढ़-ओडागांव मार्ग को करीब छह घंटे तक जाम रखा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में अवैध पत्थर खनन खुलेआम जारी है और माफिया को राजनीतिक तथा प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है।
रायगड़ा में अपहरण के बाद युवक का शव बरामद
उधर रायगड़ा जिले में 26 वर्षीय निखिल हाड़ीपा का शव झंझावटी नदी के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। निखिल रायगड़ा शहर के रेली साही इलाके का निवासी था। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात इंदिरा नगर इलाके में कुछ बदमाशों के साथ निखिल का विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर चारपहिया वाहन और बाइक से उसका पीछा करते हुए पहुंचे और बंदूक की नोंक पर उसका अपहरण कर लिया। रविवार को उसका घायल शव तुम्बीगुड़ा इलाके में नदी किनारे मिला।
मौके से पुलिस ने इस्तेमाल किया गया कारतूस भी बरामद किया है। रायगड़ा एसपी स्वाथि एस कुमार ने बताया कि मृतक की मां ने रात करीब 12:50 बजे अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद कई टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने हत्या में शामिल लोगों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। घटना के विरोध में मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने रायगड़ा थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाओं से चिंता
राज्य में लगातार सामने आ रही हत्या और मॉब लिंचिंग की घटनाओं ने आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। हाल के दिनों में बालियंता और बालिपाटना की घटनाओं के बाद अब झारसुगुड़ा, नयागढ़ और रायगड़ा की वारदातों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
