Home / Odisha / भवानीपटना–खरियार रोड होगा चार लेन

भवानीपटना–खरियार रोड होगा चार लेन

  •     640 करोड़ की परियोजना को मंजूरी

भुवनेश्वर। ओडिशा के भवानीपटना–खरियार रोड को शीघ्र ही दो लेन से चार लेन में विकसित किया जाएगा। यह बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी।

लोक निर्माण व विधि विभाग के मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने सोमवार को बताया कि इस परियोजना के तहत लगभग 70 किलोमीटर लंबी सड़क का उन्नयन किया जाएगा, जिस पर करीब 640 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, 91 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य भी किया जाएगा।

परियोजना के अंतर्गत 5 प्रमुख पुलों के साथ 15 छोटे पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। साथ ही तेल नदी पर स्थित पुराने पुल का पुनर्निर्माण और नवीनीकरण भी किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि यह सड़क कंधमाल, कलाहांडी और नुआपड़ा जिलों के बीच संपर्क को मजबूत करेगी, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस विकास से किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पाद-अनाज, सब्जियां और वन उत्पाद- बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।

उन्होंने आगे बताया कि चार लेन सड़क बनने से यात्रा समय में कमी, ईंधन की बचत और यातायात सुरक्षा में सुधार होगा। इसके अलावा, बस, एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही तेज होगी।

इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, क्योंकि सड़क के आसपास दुकानों, पेट्रोल पंपों, गोदामों और छोटे उद्योगों के विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों तक पहुंच और अधिक सुगम हो जाएगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से आपदा प्रबंधन कार्यों में तेजी आएगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे पश्चिम ओडिशा के समग्र विकास को बल मिलेगा।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …