भुवनेश्वर। ओडिशा की पंचायतों ने राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार–2025 में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पुरस्कार हासिल किए हैं। इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के लिए गर्व और गौरव का क्षण बताया है।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि गंजाम जिला पंचायत को देश के दूसरे सर्वश्रेष्ठ जिला पंचायत के रूप में प्रतिष्ठित ‘नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है।
इसके अलावा, गंजाम जिले की पोटालाम्पुर पंचायत को ‘स्वस्थ पंचायत’ श्रेणी में, केंदुझर जिले की पड़ुआं पंचायत को ‘जल समृद्ध पंचायत’ श्रेणी में, सुंदरगढ़ जिले की हातीबंध पंचायत को ‘स्वच्छ एवं हरित पंचायत’ श्रेणी में तथा गंजाम जिले की मंदार पंचायत को ‘सामाजिक न्याय एवं सामाजिक सुरक्षा पंचायत’ श्रेणी में प्रतिष्ठित ‘दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार 2025’ प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर संबंधित पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जमीनी स्तर पर सामूहिक भागीदारी और बेहतर शासन व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि किस प्रकार स्थानीय स्तर पर समन्वित प्रयासों से बड़े परिवर्तन लाए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सफलता विकसित ओडिशा के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में पंचायतों की भूमिका को और मजबूत करेगी।
माझी ने कहा कि राज्य की पंचायतें आने वाले समय में और अधिक सशक्त एवं आदर्श बनेंगी तथा अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत साबित होंगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
