बलांगीर। ओडिशा विजिलेंस विभाग ने मंगलवार को बलांगीर जिले के बंगमुंडा में तहसीलदार कार्यालय में कोर्ट अमिन के पद पर कार्यरत निर्मलेंदु कवि को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। विजिलेंस विभाग द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने एक आवेदक से भूमि विभाजन (पार्टिशन) की प्रक्रिया के लिए स्केच मैप तैयार करने तथा अलग-अलग हिस्सेदारों के नाम पर रिकॉर्ड ऑफ राइट्स जारी कराने की फाइल को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के अनुसार, भूमि विभाजन के लिए स्केच मैप तैयार करना अनिवार्य होता है।
रिश्वत देने से इनकार करने पर आवेदक ने विजिलेंस विभाग से शिकायत की, जिसके बाद एक जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उसके पास से ₹15,000 की पूरी रिश्वत राशि बरामद कर जब्त कर ली गई।
ट्रैप के बाद आरोपी से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है, ताकि उसकी आय से अधिक संपत्ति की जांच की जा सके। इस संबंध में संबलपुर विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिमियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
