-
कुल 322 विद्यालयों के 99.97 प्रतिशत छात्र- छात्राओं को सफलता मिली
भुवनेश्वर। ओडिशा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित दसवीं बोर्ड की परीक्षा में विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिरों के छात्र-छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी है। पिछले अनेक वर्षों की तरह 2026 के दसवीं बोर्ड की परीक्षा में विद्या भारती से संबद्ध शिक्षा विकास समिति के कुल 322 विद्यालयों के 99.97 प्रतिशत छात्र- छात्राओं को सफलता मिली है। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के दो छात्रों ने पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहे हैं। शिक्षा विकास समिति ओडिशा द्वारा यहां एक संवाददाता सम्मेलन में इस बारे में जानकारी दी गई।
शिक्षा विकास समिति ओडिशा के अध्यक्ष डा किशोर मोहंती ने बताया कि राज्य के कुल 322 शिशु विद्या मंदिरों के 15214 छात्र छात्रा दसवीं बोर्ड की परीक्षा में बैठे थे। इसमें से 15,209 छात्र छात्राओं को सफलता मिली है, जो कि 99.97 प्रतिशत है। 322 में से 317 सरस्वती शिशु मंदिरों का परीक्षा का परिणाम शत प्रतिशत रहा। इसमें से 15 विद्यालय ऐसे हैं, जिसके सभी छात्र छात्राओं ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक लेकर उत्तीर्ण हुए हैं।
डा मोहंती ने बताया कि पूरे प्रदेश में 24 सौ छात्र छात्राओं ने ए-1 यानी 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने में सफलता पायी है। इन 24 सौ छात्र छात्राओं में राज्य के शिशु मंदिरों के कुल 779 छात्र छात्र 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि सरस्वती शिशु मंदिरों के 2586 छात्र छात्राएं ए2, 3674 छात्र छात्राएं बी1 ग्रेड में उत्तीर्ण हुए हैं। इसी तरह 3878 छात्र छात्राएं बी2 ग्रेड में उत्तीर्ण हुए हैं। 2865 छात्र छात्राओं ने सी ग्रेड में सफलता हासिल की है।
डा मोहंती ने बताया कि सरस्वती शिशु विद्यामंदिरों के दो छात्रों ने पूरे राज्य में टाप किया है। इनमें मयूरभंज जिला मुख्यालय बारिपदा के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के पार्थ सारथी महंत व बालेश्वर जिले के सोरो स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के आशुतोष नायक ने छह सौ में से 588 अंक हासिल किया है।
उन्होंनें इस सफलता के लिए सभी मेधावी छात्र छात्राओं के परिश्रम, विद्यालयों के आचार्यों तथा अभिभावकों शुभेच्छा प्रदान किया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
