-
शादी समारोह से लौट रहे 12 लोगों से भरी गाड़ी हादसे की शिकार
-
7 घायल; पुलिस ने शुरू की जांच
जाजपुर। ओडिशा के जाजपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह दुर्घटना धर्मशाला ब्लॉक के जेनापुर थाना क्षेत्र के बरडा बेहेरा टांकी चौक के पास हुई, जहां एक एसयूवी ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल थे। सभी लोग केंदुझर में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
हादसे में मृतक जाजपुर जिले के बड़चाना ब्लॉक अंतर्गत पुरुषोत्तमपुर सबर साही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल बड़चाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही सड़क को साफ कर यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
