-
आंतरिक कक्ष क्षेत्र के पास खून के धब्बे मिले
भुवनेश्वर। पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार सुबह कुछ समय के लिए सार्वजनिक दर्शन पर रोक लगा दी गई। जब सेवायतों ने भीतर काठ (आंतरिक कक्ष) क्षेत्र के पास खून के धब्बे देखे। इसके बाद बडा महास्नान अनुष्ठान किया गया।
यह घटना तड़के मंगला आरती के तुरंत बाद सामने आई। सेवायतों ने तुरंत मंदिर प्रशासन और वरिष्ठ पुजारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद मंदिर की पवित्रता बनाए रखने के लिए भगवान के विग्रहों का ‘बड़ा महास्नान ’ (विशेष शुद्धिकरण स्नान) कराने का निर्णय लिया गया।
इस अनुष्ठान के चलते कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं के सामान्य दर्शन को रोक दिया गया। ‘बड़ा महास्नान’ के दौरान केवल सीमित संख्या में अधिकृत सेवादारों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई, क्योंकि यह एक गोपनीय परंपरा ‘गुप्त नीति’ के तहत संपन्न होता है।
अनुष्ठान पूरा होने के बाद मंदिर में सामान्य दर्शन व्यवस्था बहाल कर दी गई। श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन ने बताया कि सभी धार्मिक अनुष्ठान श्रीमंदिर की प्राचीन परंपराओं के अनुसार ही संपन्न किए गए।
उल्लेखनीय है कि मंदिर परिसर में खून के धब्बे, उल्टी, पशु या मानव मृत्यु जैसी किसी भी अशुद्धि की स्थिति में ‘बड़ा महास्नान ’ अनिवार्य रूप से किया जाता है, जिसके बाद ही दर्शन पुनः शुरू किए जाते हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
