-
मोहम्मद मुकीम के नेतृत्व में नई पार्टी लॉन्च
-
फंडिंग और राजनीतिक समीकरणों पर उठे सवाल
भुवनेश्वर। आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले राज्य की राजनीति में नया मोड़ आया है। पूर्व कांग्रेस विधायक मोहम्मद मुकीम के नेतृत्व में ‘ओडिशा जनता कांग्रेस’ का औपचारिक गठन राजधानी में बड़े शक्ति प्रदर्शन के साथ किया गया, जिसने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
राजधानी भुवनेश्वर के एग्जीबिशन ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सैकड़ों समर्थकों की मौजूदगी के बीच ‘ओडिशा जनता कांग्रेस’ की नींव रखी गई। इस दौरान पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में मोहम्मद मुकीम ने युवाओं को केंद्र में रखकर राजनीति करने का संकल्प जताया।
बताया जा रहा है कि पार्टी ने पिछले कुछ महीनों में 15 जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए अपनी संगठनात्मक जमीन तैयार की है। हालांकि, पार्टी के व्यापक नेतृत्व ढांचे को लेकर अभी भी मंथन जारी है।
सोफिया फिरदौस की मौजूदगी ने भी खासा ध्यान
कार्यक्रम में निलंबित कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस की मौजूदगी ने भी खासा ध्यान खींचा। उनकी भागीदारी को नए राजनीतिक समीकरणों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
निकाय और पंचायत चुनाव लड़ेगी पार्टी
पार्टी गठन के साथ ही मोहम्मद मुकीम ने घोषणा की कि उनकी पार्टी आगामी नगर निकाय और पंचायत चुनावों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेगी। उन्होंने युवाओं से आगे आकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ओडिशा में बदलाव की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, लेकिन कांग्रेस में रहते हुए यह संभव नहीं था। उन्होंने राज्य की वर्तमान और पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों की कार्यशैली में कोई खास अंतर नहीं है।
जमीन, जंगल, महानदी विवाद और शराब बिक्री को मुद्दा बनाया
इसके साथ ही उन्होंने कलाहांडी और रायगड़ा जैसे क्षेत्रों में जमीन और जंगल के मुद्दों, महानदी विवाद और राज्य में शराब बिक्री जैसे विषयों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
हालांकि, इस बड़े आयोजन और शक्ति प्रदर्शन के बीच पार्टी की फंडिंग और संसाधनों को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि पार्टी की तरफ से प्रचार-प्रसार पर काफी फोकस दिया गया है। राजधानी में लगभग हर सड़क पर झंडे लगे हैं। हालांकि इस पर फिलहाल पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है।
जेन-जेड और नए मतदाताओं पर फोकस
ओडिशा जनता कांग्रेस के गठन के साथ पार्टी नेतृत्व ने युवाओं को केंद्र में रखकर नई राजनीति की शुरुआत का दावा किया है। संस्थापक अध्यक्ष मोहम्मद मुकीम ने कहा कि पार्टी राज्य के भविष्य को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सभा को संबोधित करते हुए मोहम्मद मुकीम ने विश्वास जताया कि ‘ओडिशा जनता कांग्रेस’ जेन-जेड और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के बीच मजबूत पकड़ बनाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के भविष्य निर्माण में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
मुकीम ने स्पष्ट किया कि पार्टी समावेशी विकास और नए अवसरों के सृजन पर काम करेगी, ताकि सभी वर्गों को समान रूप से आगे बढ़ने का मौका मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अपनी एक अलग पहचान बनाने और ओडिशा को नई दिशा देने के उद्देश्य से काम करेगी।
कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के साथ बातचीत जारी
साथ ही, कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के साथ बातचीत जारी होने की जानकारी देते हुए संकेत दिया कि आने वाले समय में कई बड़े चेहरे पार्टी से जुड़ सकते हैं, जिससे संगठन और मजबूत होगा। मुकीम के अनुसार, पार्टी का मुख्य फोकस तात्कालिक चुनावी लाभ के बजाय दीर्घकालिक विकास पर रहेगा, क्योंकि फिलहाल राज्य में कोई निकट भविष्य का चुनाव नहीं है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
