-
राज्य सरकार ने ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया
भुवनेश्वर। ओडिशा की समृद्ध पाक परंपरा को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार ने प्रसिद्ध शेफ रणवीर बरार को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। यह पहल ओड़िया व्यंजनों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
पर्यटन विभाग द्वारा यह नियुक्ति भुवनेश्वर स्थित ओयूएटी कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में आयोजित ओड़िया पक्ष समापन समारोह 2026 के दौरान की गई, जहां मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की उपस्थिति में इस समझौते को अंतिम रूप दिया गया।
इसी कार्यक्रम में मास्टरशेफ सीजन-6 के विजेता अविनाश को ‘ओड़िया क्यूलिनरी चैंपियन’ घोषित किया गया। वहीं, मास्टरशेफ इंडिया की फाइनलिस्ट बहनें अंजू प्रधान और मंजू ओझा भी इस अभियान से जुड़कर पारंपरिक व्यंजनों की विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने में योगदान देंगी।
रणवीर बरार ने इस भूमिका को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि यह अवसर उन्हें भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से मिला है। उन्होंने पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर के महाप्रसाद और ओड़िया व्यंजनों की सादगी व विशिष्टता की सराहना करते हुए इसे विश्वभर में प्रचारित करने का संकल्प जताया।
उन्होंने दुनियाभर में बसे ओड़िया समुदाय से भी इस पहल को समर्थन देने की अपील की और कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ओड़िया व्यंजन को गर्व के साथ प्रस्तुत करेंगे।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य केवल व्यंजनों का प्रचार नहीं, बल्कि उनके पीछे की परंपरा, विज्ञान और सांस्कृतिक कहानियों को भी वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
