Home / Odisha / मुख्यमंत्री माझी ने बड़बिल रिंग रोड परियोजना की नींव रखी
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

मुख्यमंत्री माझी ने बड़बिल रिंग रोड परियोजना की नींव रखी

  •     केंदुझर को मिलेगी विकास की नई रफ्तार

  •     मुख्यमंत्री माझी ने 300 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास

  •     बुनियादी ढांचे को बताया समृद्धि की कुंजी

बड़बिल। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने केंदुझर जिले के बड़बिल क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए बहुप्रतीक्षित बड़बिल बाईपास रिंग रोड परियोजना की आधारशिला रखी। इसके साथ ही उन्होंने जिले में विकास को नई गति देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कुल 29.41 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 326.43 करोड़ रुपये की 51 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सबसे प्रमुख बड़बिल रिंग रोड परियोजना है, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था।

18.3 किमी लंबी रिंग रोड से जाम से मिलेगी राहत

बड़बिल बाईपास रिंग रोड की लंबाई 18.3 किलोमीटर होगी और इस पर करीब 1,581 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या को दूर करेगी और प्रतिदिन लगभग 40 हजार वाहनों के आवागमन को सुगम बनाएगी।

उन्होंने बताया कि आधुनिक डिजाइन के साथ बनाई जा रही यह सड़क भारी वाहनों का दबाव सहने में सक्षम होगी, जिससे परिवहन लागत में कमी आएगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बिजली और सड़क परियोजनाओं को भी मिली गति

मुख्यमंत्री ने जोड़ा, बासुदेवपुर और बड़बिल में नए बिजली उपकेंद्रों के लिए 298 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा भी की। साथ ही अधिकारियों को बड़बिल-पारादीप आठ लेन सड़क के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा 95 करोड़ रुपये की लागत से 10 किमी लंबी बाम्बेरी–पालासा–गुरुड़ा–कोइड़ा सड़क, 30 करोड़ रुपये की 7.5 किमी सुआकाटी-डुबुना-कालिमाटी सड़क और 30 करोड़ रुपये की पलाशपंगा–बाम्बेरी सड़क उन्नयन परियोजनाएं भी शुरू की गई हैं।

उद्योग और रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने केंदुझर में प्रस्तावित मेगा इस्पात संयंत्र का भी उल्लेख किया, जिसमें 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने की संभावना है और इससे 10 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे।

खेल, परिवहन और शहरी सुविधाओं का विकास

इसके अलावा 9.27 करोड़ रुपये की लागत से खेल अवसंरचना और बस स्टैंड उन्नयन कार्यों का उद्घाटन किया गया। साथ ही आईटीआई स्टाफ क्वार्टर, नया सब-रजिस्ट्रार कार्यालय और पार्कों का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, पुल, बिजली और जल जैसी बुनियादी सुविधाएं ही राज्य की समृद्धि की आधारशिला हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से ओडिशा में विकास की गति और तेज होगी तथा यह दौर राज्य के लिए स्वर्णिम युग साबित होगा।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …