-
ओडिशा की छिपी खूबसूरती को मिला नया पहचान
-
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही बढ़ी पर्यटकों की दिलचस्पी
-
कोरापुट के इस झरने पर टिकी नजर
भुवनेश्वर। प्रख्यात उद्योगपति आनंद महिंद्रा के एक वायरल सोशल मीडिया पोस्ट ने ओडिशा की अनदेखी प्राकृतिक धरोहर ‘डुडुमा फॉल्स’ को अचानक सुर्खियों में ला दिया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इस झरने का वीडियो साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया और यात्रियों व प्रकृति प्रेमियों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी।
अपने पोस्ट में महिंद्रा ने कहा कि ओडिशा पहले से ही कोणार्क सूर्य मंदिर, जन्नाथ मंदिर, पुरी समुद्र तट और चिलिका लेक जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है, लेकिन राज्य के अंदरूनी हिस्सों में कई ऐसी अद्भुत जगहें हैं, जो अब तक पर्यटकों की नजरों से दूर हैं।
प्रकृति का अद्भुत नजारा : डुडुमा फॉल्स
डुडुमा फॉल्स कोरापुट जिले में स्थित एक शानदार जलप्रपात है, जो माचकुंड नदी से बनता है। यह झरना ऊंची चट्टानों से गिरता हुआ पूर्वी भारत के सबसे ऊंचे जलप्रपातों में गिना जाता है। ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा पर स्थित यह स्थल घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से घिरा हुआ है, जो इसे और भी आकर्षक बनाता है। मानसून के दौरान इसकी रफ्तार और गर्जना दूर तक सुनाई देती है।
वायरल पोस्ट से बढ़ेगा पर्यटन
महिंद्रा के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर दुदुमा फॉल्स को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ट्रैवल प्रेमी अब इस अनदेखे स्थल को एक्सप्लोर करने में रुचि दिखा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की पहल से कोरापुट क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिल सकती है, जो प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत से भरपूर होने के बावजूद अब तक मुख्यधारा से थोड़ा दूर रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
