-
दर्शन के दौरान मची अफरा-तफरी
-
दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
पुरी। श्री जगन्नाथ मंदिर के निकट बड़दांड मार्ग पर एक विद्युत ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। मंदिर परिसर से लगभग 100 मीटर दूरी पर स्थित ट्रांसफॉर्मर में उस समय आग भड़की, जब मंदिर में नीतियां जारी थीं और श्रद्धालु दर्शन के लिए कतार में खड़े थे।
आग की लपटें उठते ही आसपास के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई। हालांकि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
एक घंटे तक जलता रहा ट्रांसफॉर्मर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार रात में ट्रांसफॉर्मर में लगी आग करीब एक घंटे तक धधकती रही। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और तेजी से आग पर काबू पाया। दमकल दल की मुस्तैदी से आग आसपास की दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक दी गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है ताकि सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद बड़दांड क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा प्रबंधों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यह मार्ग वर्षभर भारी भीड़ वाला क्षेत्र रहता है, विशेषकर पर्व-त्योहारों और विशेष अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से विद्युत ढांचे की नियमित जांच, अग्नि सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने और आपातकालीन तैयारी को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
