Home / Odisha / सुंदरपदा ब्लास्ट का सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

सुंदरपदा ब्लास्ट का सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल

  •     सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही एनआईए

  •    बड़ी साजिश की आशंका पर जांच तेज

  •     आजाद नगर धमाके में संदिग्ध आरडीएक्स के नमूने बरामद

  •     डिजिटल व फॉरेंसिक साक्ष्यों की गहन पड़ताल

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के सुंदरपदा क्षेत्र में 28 जनवरी को हुए विस्फोट का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने जांच तेज कर दी है। एजेंसी वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है, जिसमें धमाके का भयावह दृश्य कैद हुआ है।

यह विस्फोट सुंदरपदा के आजाद नगर इलाके में हुआ था, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी थी। प्रारंभिक जांच में उच्च क्षमता वाले विस्फोटक पदार्थ के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपितों तक इतने शक्तिशाली विस्फोटक कैसे पहुंचे।

सीसीटीवी में कैद हुआ भीषण धमाका

सोशल मीडिया पर प्रसारित सीसीटीवी फुटेज में एक इमारत से अचानक विशाल आग का गोला उठता दिखाई दे रहा है। छत पर पानी की तीन टंकियां हैं। विस्फोट के बाद टंकी के पीछे से एक महिला चिल्लाते हुए भाग रही है। उसके कपड़ों में आग लगी है। उसके बाद एक पुरुष और एक महिला टंकी से पीछे से आते हैं और टंकी का नल खोलकर पानी से कपड़े में आग को बुझाते हैं। इस धमाके के बाद घना काला धुआं पूरे इलाके में फैल जाता है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।

एनआईए सभी डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और फॉरेंसिक रिपोर्ट का विश्लेषण कर घटना की पूरी श्रृंखला जोड़ने में जुटी है, ताकि किसी संभावित बड़े नेटवर्क या साजिश का खुलासा हो सके।

संदिग्ध आरडीएक्स के नमूने बरामद

सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से संदिग्ध आरडीएक्स के नमूने बरामद किए गए हैं। इसके बाद केंद्रीय एजेंसियों ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है। फॉरेंसिक टीमें बरामद सामग्री की संरचना और स्रोत की जांच कर रही हैं।

मुख्य आरोपित की इलाज के दौरान मौत

मामले के मुख्य आरोपित शाहनवाज मल्लिक की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। विस्फोट में घायल दो अन्य व्यक्ति फिलहाल चिकित्सा देखरेख में हैं।

बड़ी साजिश की कड़ी तलाश में एजेंसियां

जांच एजेंसियां इस पहलू पर भी गौर कर रही हैं कि क्या यह घटना किसी व्यापक साजिश का हिस्सा थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह साक्ष्य आधारित और निष्पक्ष होगी, जिसमें जन सुरक्षा और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे संभव हैं।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …