भुवनेश्वर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पार्टी और उसके वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संसद को बाधित करने के लिए प्रतिदिन नया बहाना गढ़ना अब कांग्रेस की कार्यशैली ही नहीं, बल्कि उसकी पहचान बन चुकी है।
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में प्रधान ने आरोप लगाया कि प्रत्येक संसदीय सत्र में कांग्रेस द्वारा एक ही स्क्रिप्ट दोहराई जाती है, जिसमें हंगामा, शोर-शराबा, असत्य आरोप और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन शामिल होता है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी को जिम्मेदारी निभानी चाहिए, किंतु उन्होंने रचनात्मक संवाद के बजाय टकराव और अराजकता का मार्ग चुना है।
प्रधान ने कहा कि झूठ को बार-बार दोहराने की राजनीति कांग्रेस की आदत बन चुकी है, जिससे उसकी विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय प्रणाली में वास्तविक विश्वास नहीं है तथा वह योजनाबद्ध तरीके से संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है।
केंद्रीय मंत्री ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि आपातकाल की मानसिकता रखने वाले लोग देश की प्रगति से असहज हैं और भारत की अर्थव्यवस्था को डेड इकोनामी कहकर देश का अपमान करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर राजनीतिक कुंठा के कारण भ्रामक बयान देने का आरोप लगाया।
प्रधान ने कहा कि संसद किसी दल विशेष के निजी स्वार्थों की पूर्ति का मंच नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय हित में संवाद और नीति निर्माण का सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच है। उन्होंने विपक्ष से रचनात्मक भूमिका निभाने और संसदीय परंपराओं का सम्मान करने की अपील की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
