Home / Odisha / भद्रक में दो नए एनएसी गठन की प्रारूप अधिसूचना जारी
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

भद्रक में दो नए एनएसी गठन की प्रारूप अधिसूचना जारी

  • सीमांकन व आरक्षण का प्रस्ताव सार्वजनिक

  •  दोनों एनएसी को पार्षदों के निर्वाचन के लिए 14-14 वार्डों में किया जाएगा विभाजित

भद्रक। भद्रक जिला प्रशासन ने जिले में शहरी विकास को नई दिशा देते हुए शुक्रवार को दो नव प्रस्तावित अधिसूचित क्षेत्र परिषदों (एनएसी), धामनगर (धुसुरी) और तिहिड़ी, के गठन से संबंधित प्रारूप अधिसूचना जारी कर दी।

जारी प्रस्ताव में दोनों एनएसी के सीमांकन (डिलिमिटेशन) तथा वार्डवार सीट आरक्षण का विस्तृत प्रारूप शामिल है। प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित अवधि के भीतर आपत्तियां एवं सुझाव प्रस्तुत करने का आह्वान किया है, जिसके बाद अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी।

यह पहल भद्रक जिले में शहरी ढांचे को सुदृढ़ करने, स्थानीय प्रशासन को मजबूत बनाने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जारी प्रारूप अधिसूचना के अनुसार, धुसुरी और तिहिड़ी दोनों एनएसी को पार्षदों के निर्वाचन हेतु 14-14 वार्डों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक शहरी निकाय  में कुल 14 सीटों में से आठ सीटें ओडिशा म्युनिसिपाल एक्ट, 1950 के प्रावधानों के तहत आरक्षित रहेंगी, जबकि शेष छह सीटें अनारक्षित होंगी।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, धुसुरी एनएसी की अनुमानित जनसंख्या 10,349 निर्धारित की गई है, जबकि तिहिडी एनएसी की जनसंख्या 13,805 होगी। अधिसूचना में उल्लेख किया गया है कि वार्डों का विभाजन एवं सीटों का आरक्षण ओडिशा म्युनिसिपाल एक्ट, 1950 की धारा 12 की उपधारा (3) एवं (3ए) के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए किया गया है।

जिला प्रशासन ने प्रारूप प्रस्ताव पर आम जनता से आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए हैं। इच्छुक नागरिक अधिसूचना के प्रकाशन की तिथि से 10 दिनों के भीतर अपने अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के पश्चात प्राप्त आपत्तियों या सुझावों पर विचार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रारूप अधिसूचना के प्रकाशन से नवगठित एनएसी में पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने और बेहतर शहरी प्रशासन की आधारशिला रखने में सहायता मिलेगी।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …