-
पुरी पुलिस ने किया खुलासा
-
मुख्य आरोपी कृष्ण कंदी मुठभेड़ में घायल
-
एक सहयोगी गिरफ्तार; एक अन्य फरार
पुरी। किन्नर अंजलि उर्फ सोना की हत्या के मामले में पुरी पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि यह वारदात लूट के इरादे से अंजाम दी गई थी। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सचिन पटेल ने बताया कि मुख्य आरोपी कुख्यात लुटेरा कृष्ण कंदी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बैग छीनने की नीयत से अंजलि पर हमला किया। लूट की कोशिश के दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हुई, जिसमें आरोपी ने धारदार हथियार से वार कर अंजलि की हत्या कर दी।
यह घटना 1 फरवरी को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके स्थित सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ फ्रेशवॉटर एक्वाकल्चर (सीफा) के पास हुई थी।
पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी घायल
पुलिस के अनुसार, आरोपी कृष्ण कंदी को पकड़ने के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पहले उसे पिपिली अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। कृष्ण कंदी पुरी जिले के गड़रुपास क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें सनिल कंदी भी शामिल है। उसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। पिपिलि थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
जांच जारी, अन्य सहयोगियों की तलाश
पुरी पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और अपराध में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, यह वारदात पूरी तरह लूट की साजिश का हिस्सा थी, जो हाथापाई के दौरान हत्या में बदल गई।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
