Home / Odisha / ओडिशा में जल्द लागू होंगे क्यूआर कोड युक्त भूमि पट्टा

ओडिशा में जल्द लागू होंगे क्यूआर कोड युक्त भूमि पट्टा

  •  राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने की घोषणा

भुवनेश्वर। भूमि संबंधी धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ओडिशा सरकार, केंद्र सरकार के सहयोग से, जल्द ही क्यूआर कोड युक्त भूमि पट्टा लागू करने जा रही है। यह जानकारी गुरुवार को राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने दी।

मंत्री ने बताया कि रिकॉर्ड ऑफ राइट्स में क्यूआर कोड शामिल किया जाएगा, जिसे स्कैन करते ही संबंधित भूमि की विस्तृत जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सकेगी। यह डिजिटल सत्यापन प्रणाली भूमि लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड स्कैन करते ही भूमि से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त हो जाएगी। इससे जमीन की खरीद-फरोख्त में होने वाली धोखाधड़ी पर प्रभावी रोक लगेगी। किसी भी संदिग्ध या फर्जी लेन-देन की स्थिति में संबंधित तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक को तत्काल सूचित किया जाएगा।

भूमि सुधार के व्यापक प्रयासों का उल्लेख करते हुए राजस्व मंत्री ने बताया कि राज्यभर में सरकारी और निजी भूमि के वास्तविक दायरे का निर्धारण करने के लिए व्यापक भू-सर्वेक्षण कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा पूर्व में आवंटित भूमि तथा उसके वर्तमान उपयोग से संबंधित विस्तृत डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे बेहतर भूमि प्रबंधन और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …