Home / Odisha / भारत बंद का ओडिशा में व्यापक असर
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

भारत बंद का ओडिशा में व्यापक असर

  •  भुवनेश्वर में आंदोलन तेज, परिवहन सेवाएं बाधित

  •  दुकानें, स्कूल, बैंक और कार्यालय बंद

भुवनेश्वर। केंद्र सरकार की श्रम नीतियों के विरोध में 10 से अधिक श्रमिक संगठनों द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के भारत बंद का ओडिशा में व्यापक असर देखने को मिला। सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक लागू बंद के दौरान राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा। कांग्रेस और बीजद ने भी इस बंद को समर्थन दिया।

राज्य के कई क्षेत्रों में दुकानें, बाजार, स्कूल-कॉलेज, फैक्ट्रियां, बैंक और सरकारी कार्यालय बंद रहे। बस सेवाएं सीधे तौर पर प्रभावित हुईं और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही।

प्रमुख ट्रेड यूनियन, सीटू, एटक, इंटक, एचएमएस और यूटीयूसी, ने बंद में हिस्सा लिया। देशभर में 50 से अधिक संगठनों, जिनमें किसान संगठनों की भी भागीदारी रही, ने समर्थन दिया।

सड़कों पर सार्वजनिक परिवहन नदारद रहे

12 घंटे के बंद के आह्वान के बाद गुरुवार को राष्ट्रव्यापी बंद का भुवनेश्वर शहर में आंशिक असर दिखा। इस दौरान सड़कों पर सार्वजनिक परिवहन नदारद रहे। बसों का परिचालन पूरी तरह बंद रहा, जबकि आटो की संख्या भी कम रही। लेकिन सामान्य लोग निजी वाहनों से आबाजाही करते दिखे। स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति कम रही। इस दौरान कमिशनरेट पुलिस द्वारा सुरक्षा के कडे प्रबंध किये गये थे।

भुवनेश्वर में सड़क जाम, यात्री परेशान

राजधानी भुवनेश्वर में प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर पिकेटिंग कर बसों को रोका। जयदेव विहार मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन फंसे रहे, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। हालांकि एंबुलेंस, दूध वैन, गैस सिलेंडर ट्रक और अन्य आवश्यक सेवाओं को जाने दिया गया।

परीक्षाएं स्थगित, रेल सेवाएं प्रभावित

भारत बंद के कारण गुरुवार को निर्धारित जीएनएम द्वितीय वर्ष की पेपर-3 परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 16 फरवरी को आयोजित होगी। राउरकेला में प्रदर्शनकारियों के रेलवे स्टेशन में प्रवेश कर सेवाएं रोकने की खबर है, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। खुर्दा और कटक के बीच भी कई स्थानों पर वाहन फंसे रहने की सूचना है।

लोक सेवा भवन कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश

ओडिशा सरकार ने लोक सेवा भवन के कर्मचारियों के लिए विशेष परामर्श जारी किया था। अधिकारियों को सुबह 9:30 बजे तक परिसर में प्रवेश करने और 10:15 बजे के बाद गेट बंद करने के निर्देश दिए गए थे। कार्यालयों के सुचारू संचालन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।

असर दिनभर अलग-अलग स्थानों पर देखने को मिला

राज्य में बंद का असर दिनभर अलग-अलग स्थानों पर देखने को मिला। हालांकि आवश्यक सेवाओं को आंशिक रूप से जारी रखा गया, फिर भी परिवहन और शैक्षणिक गतिविधियों पर व्यापक प्रभाव पड़ा।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …