-
23 अक्टूबर के आसपास चक्रवात की संभावना, सरकारी कर्मियों को अपने स्थान पर रहने के निर्देश
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने बंगाल की खाड़ी में 23 अक्टूबर के आसपास संभावित चक्रवात डाना की चेतावनी के मद्देनज़र सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी हैं। विशेष राहत आयुक्त (SRC) देव रंजन सिंह ने रविवार को यह जानकारी दी।
एसआरसी ने एक समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, “सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं। सभी अधिकारियों को अपने-अपने स्थान पर रहने और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।”
स्कूलों की छुट्टियों पर निर्णय जिला कलेक्टर करेंगे
स्कूलों की छुट्टी के संबंध में पूछे जाने पर एसआरसी ने कहा, “इस पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन कलेक्टरों को स्थिति को देखते हुए फैसला लेने का अधिकार दिया गया है।”
आईएमडी ने जारी की चेतावनी, 24 अक्टूबर को तेज़ हवाओं का अनुमान
गौरतलब है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 23 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में चक्रवात डाना बनने की संभावना जताई है। इसके बाद यह चक्रवात उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए 24 अक्टूबर की सुबह ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के पास पहुंच सकता है। इस दौरान 23 अक्टूबर की शाम से ओडिशा तट पर हवाओं की गति 40-50 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 24 अक्टूबर की रात तक 100-120 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
इस खबर को भी पढ़ें-चक्रवात के 24 अक्टूबर को ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों पर टकराने की संभावना
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
