-
पुरी को देश का प्रथम स्वच्छ तटीय शहर का स्थान
-
भुवनेश्वर को ओडिशा का पहला स्वच्छ शहर और आस्का नगरपालिका को मिला राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान
-
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रयासों को मिली पहचान
-
राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित
भुवनेश्वर। शहरी स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ओडिशा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों का परचम लहराया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा को विभिन्न श्रेणियों में मिली उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्य के आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ कृष्ण चंद्र महापात्र और विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाढ़ी ने राष्ट्रपति से पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त किया।
इस वर्ष के सर्वेक्षण में ओडिशा के विभिन्न शहरी निकायों ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। पुरी को देश में प्रथम स्वच्छ तटीय शहर का स्थान मिला है। वहीं, राजधानी भुवनेश्वर को ओडिशा के पहले स्वच्छ शहर के रूप में पहचान मिली। इसके अलावा आस्का नगरपालिका ने 20 हजार से 50 हजार की आबादी वाली नगरपालिका श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया।
नदी किनारे बसे सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में मध्य प्रदेश का रीवा शीर्ष पर रहा, जबकि बिलासपुर और वाराणसी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
‘स्वच्छ तटीय शहर’ श्रेणी में पुरी ने शीर्ष स्थान हासिल किया है, इसके बाद केरल का अलप्पुझा और महाराष्ट्र का रत्नागिरि क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
समुद्र तट पर स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी पुरी ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। स्वच्छ तटीय शहरों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल करना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे समुद्र तटों की सफाई, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
राजधानी भुवनेश्वर को भी राज्य के पहले स्वच्छ शहर के रूप में मान्यता मिली है। वहीं, आस्का नगरपालिका ने छोटे शहरी निकायों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल कर यह साबित किया है कि सामुदायिक भागीदारी और बेहतर कचरा प्रबंधन के माध्यम से छोटे शहर भी स्वच्छता के राष्ट्रीय मानक स्थापित कर सकते हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण के 10 वर्ष पूरे होने पर विशेष आयोजन
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 का आयोजन इस मूल्यांकन प्रक्रिया के दस वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया गया। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के तहत शुरू हुई यह पहल दुनिया के सबसे बड़े शहरी स्वच्छता मूल्यांकन अभियानों में शामिल है। इस वर्ष की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी। इसके माध्यम से नागरिकों की भागीदारी, प्रशासनिक दक्षता और सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
समारोह में मंत्री और अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के विशेष सचिव सह मिशन निदेशक बिनय कुमार दाश, भुवनेश्वर नगर निगम की महापौर सुलोचना दास तथा भुवनेश्वर, पुरी और आस्का के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
स्वच्छ शहरों के निर्माण की दिशा में ओडिशा की पहल
इस राष्ट्रीय उपलब्धि को राज्य सरकार की नीतियों, नगर निकायों के प्रयासों, सफाई कर्मचारियों की मेहनत और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य शहरों में कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण, शून्य कचरा व्यवस्था को बढ़ावा देना और टिकाऊ कचरा प्रसंस्करण प्रणाली विकसित करना है।
पुरी, भुवनेश्वर और आस्का की उपलब्धियां न केवल संबंधित शहरी निकायों के लिए गौरव की बात हैं, बल्कि राज्य के अन्य शहरों के लिए भी स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
