Home / Odisha / ओडिशा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दिखाई ताकत
ABVP ओडिशा में छात्रसंघ चुनाव बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दिखाई ताकत

ओडिशा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दिखाई ताकत

  • प्रदेशस्तरीय छात्र नेता सम्मेलन में 8,000 से अधिक छात्र नेताओं की सहभागिता

  • ओडिशा का जेन-जी अभाविप के साथ खड़ा – मुख्यमंत्री

  • कहा- विशाल सम्मेलन विद्यार्थियों के अभाविप के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रमाण

  • 208 महाविद्यालयों में अध्यक्ष पद पर विजय और 8 विश्वविद्यालयों में क्लीन स्वीप अभाविप की ऐतिहासिक उपलब्धि:  डॉ वीरेन्द्र सिंह सोलंकी

भुवनेश्वर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ओडिशा द्वारा भुवनेश्वर के बारामुंडा मैदान में प्रदेश स्तरीय छात्र नेता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से 8,000 से अधिक छात्र नेताओं ने सहभागिता की। सम्मेलन में ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्र नेताओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की महामंत्री सुश्री रिया चौधरी, अभाविप ओडिशा पूर्व की प्रदेश मंत्री सुश्री दीप्तिमयी प्रतिहारी, ओडिशा पश्चिम के प्रदेश मंत्री श्री श्वेतांशु शेखर बराई तथा ओडिशा पूर्व के प्रदेश अध्यक्ष डॉ देबेश शंकर होता सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने छात्र नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ओडिशा सहित पूरे देश का जेन-जी अभाविप के साथ खड़ा है। प्रदेश में छात्रसंघ चुनावों में अभाविप को मिली व्यापक सफलता और इस सम्मेलन में हजारों छात्र नेताओं की सहभागिता इस विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यार्थी जीवन में नेतृत्व, सकारात्मक सहभागिता और सामाजिक दायित्वों के महत्व पर प्रकाश डाला।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि ओडिशा ने छात्रशक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। प्रदेश के 208 महाविद्यालयों में अध्यक्ष पद पर विजय तथा 8 विश्वविद्यालयों में सभी प्रमुख पदों पर क्लीन स्वीप अभाविप की ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह परिणाम विद्यार्थियों के बीच अभाविप की स्वीकार्यता, सक्रियता और संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।

प्रदेश के 8,000 से अधिक छात्र नेताओं की सहभागिता ओडिशा के युवा नेतृत्व की संगठनात्मक शक्ति और छात्रहितों के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है।

प्रो क्षिति भूषण दास ने कहा कि अभाविप को आगामी वर्ष में अपने द्वारा जारी संकल्प पत्र के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना चाहिए। विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत संकल्पों को पूरा करना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभाविप ने इस दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया है और विद्यार्थियों की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहना आवश्यक है।

सम्मेलन के समापन पर अभाविप ओडिशा की प्रदेश मंत्री सुश्री दीप्तिमयी प्रतिहारी ने सम्मेलन में सहभागी सभी छात्र प्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, अभाविप के पूर्व पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सम्मेलन को सफल बनाने में सभी के योगदान की सराहना की।

Share this news

About admin

Check Also

गंजाम के बाढ़ प्रभावितों के लिए तत्काल राहत और पुनर्वास सुनिश्चित करें सरकार : नवीन पटनायक

प्रशासनिक लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग भुवनेश्वर, ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष …