-
केवल एफआईआर दर्ज करना पर्याप्त नहीं, दोषियों की गिरफ्तारी और सजा जरूरी : मिलिंद परांडे
-
मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने तथा दारा सिंह की रिहाई की भी उठाई मांग
भुवनेश्वर। स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती हत्याकांड को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने एक बार फिर न्याय और जवाबदेही का मुद्दा उठाया है। विहिप ने राज्य सरकार से मांग की है कि हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए नायडू आयोग के माध्यम से दूसरी रिपोर्ट तैयार कराई जाए। विहिप महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि केवल एफआईआर दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हत्याकांड के दोषियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और उन्हें सजा दिलाना जरूरी है। उन्होंने मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने और दारा सिंह की रिहाई की मांग भी उठाई।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट को सामने लाना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। यदि मूल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं हो रही है तो आयोग के सदस्यों और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर उसकी प्रति प्राप्त करने का प्रयास किया जाना चाहिए। रिपोर्ट के गायब होने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
विहिप की केंद्रीय बैठक में प्रस्ताव पारित
बुधवार को भुवनेश्वर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में परांडे ने कहा कि विहिप की केंद्रीय बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया है। संगठन की मांग है कि स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या के पीछे के षड्यंत्र का पूरी तरह पर्दाफाश हो तथा इस मामले में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
दोषियों को मिले सजा
राज्य सरकार द्वारा इस मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने पर पूछे गए सवाल के जवाब में परांडे ने कहा कि केवल प्राथमिकी दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। सरकार को मामले में आगे प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। जांच आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए, दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए और कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विहिप इस मामले में सरकार के साथ आधिकारिक स्तर पर बातचीत कर रहा है। संगठन की अपेक्षा है कि सरकार इस गंभीर विषय को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करे।
हत्या से पहले उनकी सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर किया गया
परांडे ने कहा कि वर्ष 2008 में जन्माष्टमी के दिन स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की निर्मम हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया था। समाज में यह धारणा रही है कि हत्या से पहले उनकी सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर किया गया था और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया गया था। इसके बाद हुई हत्या के पीछे व्यापक षड्यंत्र की आशंका लगातार व्यक्त की जाती रही है। इसलिए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और विस्तृत जांच आवश्यक है।
सामाजिक जागरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया
परांडे ने कहा कि पूज्य स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती ने अपना संपूर्ण जीवन सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया था। वे जनजाति बहुल क्षेत्रों के गांवों में जाकर गरीब और वंचित बालिकाओं को शिक्षित करते थे तथा उन्हें संस्कृत, वेद और उपनिषदों का ज्ञान प्रदान करते थे।
ओडिशा से गोहत्या और धर्मांतरण को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से वे स्वयं नंगे पैर गांव-गांव घूमते थे और लोगों के बीच जागरूकता पैदा करते थे। उन्होंने जनजातीय समाज में शिक्षा, धार्मिक चेतना और सामाजिक जागरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया।
परांडे ने कहा कि स्वामीजी के प्रयासों से हजारों जनजातीय परिवार हिंदू समाज की मुख्यधारा से जुड़े। उनके कार्यों का व्यापक प्रभाव जनजातीय क्षेत्रों में देखने को मिला। विहिप उनकी जन्मशताब्दी के अवसर पर उनके विचारों, सामाजिक कार्यों और जीवन के आदर्शों को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान चला रहा है। इस वर्ष कम से कम 25 हजार लोगों तक उनके जीवन और योगदान की जानकारी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
अशोक सिंघल की जन्मशताब्दी पर विशेष अभियान चलाएगा विहिप
परांडे ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रमुख मार्गदर्शक श्रद्धेय अशोक सिंघल की जन्मशताब्दी के अवसर पर संगठन विशेष अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए चले आंदोलन का नेतृत्व किया था। यह आंदोलन देश के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने वाला ऐतिहासिक अभियान साबित हुआ।
उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन ने हिंदू समाज को एकजुट करने और राष्ट्रीय सामाजिक चेतना के केंद्र में हिंदुत्व को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आंदोलन से पहले अपने हिंदू होने पर गर्व व्यक्त करने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी, लेकिन इस आंदोलन के दौरान सभी जातियों और वर्गों के करोड़ों लोग एकजुट हुए। इससे हिंदू समाज में अभूतपूर्व जागरण आया और देश की राजनीति तथा सामाजिक सोच में भी परिवर्तन हुआ।
उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल के त्याग, समर्पण और नेतृत्व के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विहिप विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा।
22 नवंबर से 6 दिसंबर तक देशव्यापी हितचिंतक अभियान
विहिप महामंत्री ने बताया कि संगठन आगामी 22 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी हितचिंतक अभियान चलाएगा। इस अभियान के तहत देशभर में एक करोड़ से अधिक हिंदुओं को विहिप से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ओडिशा में पांच लाख हितचिंतक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि संगठन देशभर में कम से कम दो लाख स्थानों पर अपनी इकाइयों का गठन एवं पंजीकरण करने की दिशा में भी कार्य करेगा। इस अभियान के माध्यम से हिंदू समाज की आवश्यकताओं, उसके सामने मौजूद चुनौतियों और विभिन्न खतरों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
