Home / Odisha / कार्तिक व्रत 2026 के लिए ऑनलाइन हबिश्याली पंजीकरण शुरू

कार्तिक व्रत 2026 के लिए ऑनलाइन हबिश्याली पंजीकरण शुरू

  •     पुरी में 2,500 महिलाओं को मिलेगी सुविधा

  •     26 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगा कार्तिक व्रत

  •     बुजुर्ग महिलाओं के लिए नि_शुल्क आवास, मंदिर दर्शन और महाप्रसाद की व्यवस्था

भुवनेश्वर। पवित्र कार्तिक व्रत के दौरान पुरी में हबिश्याली व्रत करने की इच्छुक महिलाओं के लिए ओडिशा सरकार ने ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य सरकार के आधिकारिक ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से महिलाएं आवेदन कर सकती हैं।

इस वर्ष कार्तिक व्रत 26 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। सरकार की योजना के तहत ओडिशा के सभी 30 जिलों से चयनित 2,500 बुजुर्ग महिलाओं को पुरी में एक महीने तक निःशुल्क आवास, मंदिर दर्शन और भोजन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सरकार की ओर से चयनित हबिश्यालीयों के लिए पुरी में निर्धारित जिन सरकारी सुविधाओं में निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की जाएगी, उनमें वृंदावती निवास, नगर निकाय कल्याण मंडप और रेलवे टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स शामिल हैं। इसके अलावा श्रीजगन्नाथ मंदिर में व्यवस्थित और सुविधाजनक दर्शन की व्यवस्था की जाएगी तथा प्रतिदिन अन्न प्रसाद यानी महाप्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा।

आवश्यक परिवहन सुविधा भी उपलब्ध होगी

हबिश्यालीयों के लिए स्वास्थ्य जांच, स्वयंसेवकों की सहायता और आवश्यक परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। एक महीने की अवधि के दौरान सरकार की ओर से श्रद्धालु महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।

आवेदन के लिए पात्रता तय

योजना के तहत ओडिशा के सभी 30 जिलों की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। विधवा महिलाओं के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष रखी गई है, जबकि विवाहित महिलाओं की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पंजीकरण पूरी तरह ऑनलाइन और पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा। 2,500 महिलाओं की निर्धारित सीमा पूरी होते ही ऑनलाइन पंजीकरण स्वतः बंद हो जाएगा। योजना में पहली बार आवेदन करने वाली महिलाओं को उन महिलाओं की तुलना में प्राथमिकता दी जाएगी, जो पहले इस सरकारी सुविधा का लाभ उठा चुकी हैं।

ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं

आवेदन के लिए महिलाओं को आधार कार्ड, निवास प्रमाण और संपर्क संबंधी जानकारी ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जमा करनी होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस योजना के लिए ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Share this news

About desk

Check Also

बालेश्वर में बीजद छात्र नेता को हिरासत में लेने पर हंगामा

    पुलिस थाने में धरने पर बैठे पार्टी नेता    बीसीजेडी जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान …