-
ओडिशा के 13 जिलों में वज्रपात का येलो अलर्ट जारी
-
मलक्का जलडमरूमध्य से अंडमान सागर की ओर बढ़ रहा चक्रवाती परिसंचरण
-
तटीय जिलों में बारिश और तेज हवा के आसार
भुवनेश्वर। ओडिशा में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिले हैं। मलक्का जलडमरूमध्य के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 13 अक्टूबर तक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस बीच राज्य के तटीय और आसपास के 13 जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश को लेकर येलो चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, थाईलैंड की खाड़ी के ऊपर सक्रिय ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण शनिवार सुबह मलक्का जलडमरूमध्य के ऊपर पहुंच गया। यह समुद्र तल से लगभग 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके 11 अक्टूबर तक अंडमान सागर की ओर बढ़ने का अनुमान है।
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ उमाशंकर दास के अनुसार, इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से 13 अक्टूबर तक दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मानसून की वापसी के दौरान इस प्रणाली पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है।
13 जिलों में वज्रपात और बारिश की चेतावनी
भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ राजश्री वीपीएम के अनुसार, 12 अक्टूबर की सुबह तक राज्य के कई तटीय और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए येलो चेतावनी जारी की गई है।
चेतावनी वाले जिलों में बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, केंदुझर, मयूरभंज, गजपति, गंजाम, पुरी, खोर्धा और नयागढ़ शामिल हैं। इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों में रहने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर आश्रय लेने की सलाह दी है।
पुरी में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। पुरी में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा हरिचंदनपुर, गनिया, हिंदोल, अलीपिंग, सुंदरगढ़, काकटपुर, जाजपुर सदर, कुसुमी और निश्चिंतकोइली में भी बारिश दर्ज की गई।
तटीय ओडिशा में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग दो डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। पारलाखेमुंडी में सर्वाधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि फूलबाणी में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
12 अक्टूबर से मौसम शुष्क रहने का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 अक्टूबर से ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क और धूप वाला रहने की संभावना है। अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।
हालांकि, बंगाल की खाड़ी में संभावित निम्न दबाव के क्षेत्र को देखते हुए मौसम की निगरानी जारी है। मानसून की वापसी के इस दौर में बनने वाली मौसमी प्रणालियां तटीय ओडिशा के मौसम को प्रभावित कर सकती हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
