-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा परिसर में शुक्रवार को उत्कलमणि पंडित गोपबंधु दास की 149वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पंडित गोपबंधु दास ने मानव सेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाया था। उन्होंने निराश्रितों और असहाय लोगों की सेवा के साथ युवाओं को आदर्श मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बाढ़, चक्रवात, सूखा और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की निःस्वार्थ सहायता कर उन्होंने सेवा, सहानुभूति और राष्ट्रभक्ति का आदर्श प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, विधायक बाबू सिंह और छबि मल्लिक, पूर्व मंत्री अरविंद ढाली, पूर्व विधायक पद्मचरण नायक और प्रियदर्शी मिश्रा सहित उत्कल सम्मिलनी के पदाधिकारी तथा पूज्यपूजा संसद के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा और विभाग के निदेशक संजय कुमार बिस्वाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। सभी ने पंडित गोपबंधु दास के आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान शाश्वती सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था की ओर से देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अंशुमान साहू ने कार्यक्रम का संचालन किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
