कटक : युगप्रधान आचार्य महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि मोहजीत कुमार जी के सान्निध्य में तेरापंथ युवक परिषद्, कटक के तत्वावधान में तेरापंथ किशोर मंडल कटक द्वारा “Tryst with Destiny”; ‛अंकों के संग , भाग्य के रंग’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुनि जयेशकुमार जी कहा कि Tryst With Destiny’ का तात्पर्य भाग्य के साथ पुरुषार्थ के समन्वय से है। जहाँ पुरुषार्थ नहीं होता, वहाँ भाग्य भी सो जाता है। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल भाग्य के भरोसे रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही दिशा में निरंतर प्रयास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक दृष्टिकोण भी आवश्यक हैं। पुरुषार्थ ही वह शक्ति है, जो व्यक्ति की क्षमताओं को जागृत कर उसे अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को परिस्थितियों के अनुकूल होने की प्रतीक्षा करने के बजाय अपने प्रयासों से परिस्थितियों को बेहतर बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
मुनि श्री ने आगे कहा कि इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं रोचक प्रतियोगिताएँ प्रतिभागियों में बौद्धिक क्षमता, जागरूकता, एकाग्रता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में सहायक होती हैं। ‘अंकों के संग, भाग्य के रंग’ प्रतियोगिता का मूल उद्देश्य भी यही है कि व्यक्ति भाग्य के भरोसे निष्क्रिय बैठने के बजाय विवेक, ज्ञान और सत्पुरुषार्थ के साथ जीवन में आगे बढ़े। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कटक किशोर मंडल का यह अभिनव एवं सराहनीय प्रयास किशोरों सहित सभी प्रतिभागियों की ज्ञान चेतना को जागृत करने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा उनमें कर्मशीलता और आत्मविश्वास की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, यह उपक्रम जीवन में पुरुषार्थ के महत्व को समझने और उसे व्यवहार में अपनाने की प्रेरणा देने वाला सिद्ध होगा।
इस प्रतियोगिता के अंतर्गत सभी प्रतिभागियों को 90 प्रश्नोत्तरों की प्रश्नावली पूर्व में दी गयी । सभी उत्तर अंकों में थे। पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रश्न पूछे गए।एवं उनके उत्तरों के आधार पर सम्पूर्ण अंक पत्र भरने वाले पांच विजेताओं के साथ सबसे पहले प्रथम द्वितीय और तृतीय पंक्ति व चारों कोण भरने वालों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के प्रायोजक श्री चैनरूप जी चोरड़िया ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। तत्पश्चात किशोर मंडल की ओर से उनका सम्मान किया गया।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में सह प्रभारी हर्ष चोपड़ा ,अर्पित चोरड़िया सहित अनेक किशोरों का विशेष योगदान रहा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
