-
राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
भुवनेश्वर। ओडिशा के वीर स्वतंत्रता सेनानी और देश के सबसे कम उम्र के शहीदों में शामिल बाजी राउत की जयंती पर राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव एवं प्रभाती परिडा सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने बाजी राउत के अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी कर शहीद बाजी राउत को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महज 12 वर्ष की आयु में अन्याय और अत्याचार के खिलाफ अपने प्राणों का बलिदान देने वाले बाजी राउत का अदम्य साहस और निर्भीकता इतिहास में अमर है। उनका बलिदान सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि महज 12 वर्ष की आयु में देश के लिए प्राणों की आहुति देकर इतिहास रचने वाले सबसे कम उम्र के शहीद सेनानी बाजी राउत को उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन। उनका अदम्य साहस, असीम देशप्रेम और महान त्याग देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने ओडिशा के वीर स्वतंत्रता सेनानी शहीद बाजी राउत की जयंती पर उनके अमर बलिदान को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने बाजी राउत को देश के सबसे कम उम्र के शहीदों में शामिल बताते हुए उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए बाजी राउत का त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ मुकेश महालिंग ने बाजी राउत को ओडिशा का गौरव बताते हुए उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बहुत कम उम्र में देश के लिए दिया गया उनका बलिदान इतिहास के पन्नों में युगों-युगों तक दर्ज रहेगा।
विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने बाजी राउत को साहस और निर्भीकता की मिसाल बताते हुए उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महज 12 वर्ष की आयु में देश सेवा के लिए बाजी राउत ने जिस साहस और पराक्रम का परिचय दिया, वह हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने भी एक्स पर संदेश जारी कर देश के सबसे कम उम्र के शहीद और वीर स्वतंत्रता सेनानी बाजी राउत को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए बाजी राउत का असीम साहस और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
