-
कहा-आठ साल से छात्रसंघ चुनाव बंद रखी थी पिछली सरकार
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि पिछली सरकार ने विभिन्न बहाने बनाकर वर्ष 2017 से छात्रसंघ चुनाव बंद रखा था। इसके कारण एक पूरी पीढ़ी के विद्यार्थी अपने प्रतिनिधि चुनने के लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित रहे। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से जारी संदेश में कहा कि लंबे इंतजार के बाद आगामी 15 अक्टूबर को ओडिशा के सभी महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकार बहाल करने का अपना वादा निर्णय और उसके क्रियान्वयन के माध्यम से पूरा किया है।
माझी ने कहा कि ओडिशा के युवा केवल कल के नेतृत्वकर्ता नहीं हैं, बल्कि आज के ओडिशा के निर्माण में भी सक्रिय भागीदार हैं। विद्यार्थियों की आवाज, विचार और आकांक्षाओं को शिक्षण संस्थानों के परिसर तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उचित स्थान मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव महज एक औपचारिकता नहीं हैं। यह युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने, अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने विद्यार्थियों को उनका लोकतांत्रिक अधिकार वापस दिलाने का वादा किया था और अब इस वादे को पूरा कर दिया गया है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास, अनुशासन, गरिमा और लोकतांत्रिक भावना के साथ चुनाव में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी आवाज को मजबूत करें, अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करें और अपने शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ राज्य के भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
माझी ने कहा कि आत्मविश्वास से भरी युवा पीढ़ी और सक्रिय परिसर लोकतंत्र एक समृद्ध एवं विकसित ओडिशा के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
