-
आय से अधिक संपत्ति के आरोप में हुई कार्रवाई
भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति (डीए) रखने के आरोप में मयूरभंज जिले के बेतनटी आरएंडबी उपखंड के सहायक कार्यपालक अभियंता अरविंद मोहंती के खिलाफ सोमवार को एक साथ 10 ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। यह कार्रवाई उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के आधार पर की जा रही है। विजिलेंस विभाग द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए यह जानकारी दी गई है। विजिलेंस की यह कार्रवाई विशेष न्यायाधीश, विजिलेंस, बारिपदा द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की जा रही है। तलाशी अभियान का नेतृत्व पांच डीएसपी कर रहे हैं। उनके साथ आठ निरीक्षक और अन्य सहयोगी कर्मचारी भी शामिल हैं।
विजिलेंस टीम द्वारा मयूरभंज, बालेश्वर और खोर्धा जिलों में स्थित मोहंती से जुड़े विभिन्न परिसरों की तलाशी ली जा रही है। इनमें बालेश्वर के अंगारगड़िया स्थित उनका तीन मंजिला आवासीय भवन, खुर्दा के बालिअंता स्थित दो मंजिला भवन, बेतनटी स्थित उनका कार्यालय और आवास शामिल हैं।
इसके अलावा बालेश्वर जिले के जलेश्वर क्षेत्र के रायण-रामचंद्रपुर स्थित उनका पैतृक आवास, बालेश्वर के बसंतपुर स्थित फार्म हाउस और बामपदा स्थित एक अन्य मकान पर भी तलाशी ली जा रही है।
विजिलेंस अधिकारियों ने उनके करीबी सहयोगियों से जुड़े तीन परिसरों को भी तलाशी के दायरे में लिया है। इनमें अंगारगड़िया, बाइसिंगा (मयूरभंज) और बामपदा (बालेश्वर) स्थित आवास शामिल हैं।
विजिलेंस के अनुसार सभी स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति और अन्य दस्तावेजों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
