Home / Odisha / सिकल सेल रोगियों के लिए ओडिशा में पहला टीकाकरण अभियान शुरू

सिकल सेल रोगियों के लिए ओडिशा में पहला टीकाकरण अभियान शुरू

  •     स्वास्थ्य मंत्री ने किया शुभारंभ

भुवनेश्वर। सिकल सेल रोगियों के स्वास्थ्य संरक्षण और उन्हें बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ओडिशा में राज्य का पहला टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत अनुगोल जिला मुख्य चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ मुकेश महालिंग ने किया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में ‘एनीमिया मुक्त भारत’ अभियान को सफल बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से राज्यभर के सिकल सेल रोगियों को दीर्घकालिक प्रतिरोधक क्षमता और बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है।

दो बार मिलेगी वैक्सीन

अभियान के तहत सिकल सेल रोगियों को पहले न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन-13 की एक खुराक दी जाएगी। इसके आठ सप्ताह बाद न्यूमोकोकल पॉलीसैकराइड वैक्सीन-23 की एक खुराक दी जाएगी। दोनों टीके सिकल सेल रोगियों को न्यूमोकोकल संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करने के साथ उनकी प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायक होंगे।

टीके पूरी तरह निःशुल्क होंगे उपलब्ध

दोनों खुराकों की बाजार कीमत 4,000 रुपये से अधिक है। हालांकि, रोगियों को ये टीके पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) निधि से 2.8 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

कार्यक्रम में अनुगोल विधायक प्रताप चंद्र प्रधान, छेंडीपदा विधायक अगस्ति बेहरा, पल्लहड़ा विधायक एवं जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष अशोक मोहंती, जिलाधिकारी, जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this news

About desk

Check Also

बालेश्वर में बीजद छात्र नेता को हिरासत में लेने पर हंगामा

    पुलिस थाने में धरने पर बैठे पार्टी नेता    बीसीजेडी जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान …