-
परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की
भुवनेश्वर। ओडिशा के कानून एवं लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने गुजरात दौरे के दौरान अहमदाबाद स्थित प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट और आकर्षक अटल ब्रिज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अमृतेश कालिदास औरंगाबादकर के साथ परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की तथा एक समीक्षा बैठक में भाग लेकर परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बैठक के दौरान मंत्री को साबरमती रिवरफ्रंट के विकास, नदी पुनरुद्धार, शहरी बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। हरिचंदन ने कहा कि साबरमती रिवरफ्रंट और अटल ब्रिज शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण, नदी पुनरुद्धार, जन मनोरंजन और पर्यटन को एक साथ जोड़ने का उल्लेखनीय उदाहरण हैं। विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन कायम करते हुए इस तरह की परियोजनाओं को किस प्रकार विकसित किया जा सकता है, इसका अनुभव ओडिशा की आगामी शहरी विकास परियोजनाओं के लिए प्रेरणादायी होगा।
इसके अलावा, गुजरात में आयोजित ‘चिंतन शिविर’ में शामिल होने से पहले मंत्री ने गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर एवं प्रदर्शनी केंद्र का भी दौरा किया। इस कन्वेंशन सेंटर में 1,000 से 5,000 लोगों की क्षमता वाले कई कन्वेंशन हॉल, विभिन्न बोर्डरूम तथा लगभग 9,000 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला विशाल प्रदर्शनी परिसर है।
हरिचंदन ने कहा कि भुवनेश्वर में प्रस्तावित ‘ओडिशा मंडप’ में महात्मा मंदिर की तर्ज पर उच्चस्तरीय बुनियादी सुविधाओं को शामिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गुजरात दौरे के दौरान प्राप्त अनुभव ओडिशा में भविष्य की शहरी विकास योजनाओं और परियोजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करने में निश्चित रूप से उपयोगी साबित होंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
