-
पुरंदेश्वरी ने बनाई रणनीति
-
ओडिशा की प्रभारी के रूप में दूसरी पारी की शुरुआत
-
सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को बताया प्राथमिकता
-
प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ मंथन
-
जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
भुवनेश्वर। ओडिशा भाजपा की नवनियुक्त प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और सह-प्रभारी स्वदेश सिंह ने रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिला संगठन के प्रमुख नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों, आगामी कार्यक्रमों तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल भी मौजूद रहे।
ओडिशा प्रभारी के रूप में दोबारा जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार राज्य पहुंचीं पुरंदेश्वरी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य प्रदेश में भाजपा संगठन को और मजबूत करना तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
पुरंदेश्वरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, विभिन्न मोर्चों के कामकाज तथा बूथ और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
जनता से सीधा संपर्क और समन्वय पर जोर
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के लिए जनता से सीधा संपर्क और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने ओडिशा में पार्टी संगठन को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
सरकार-संगठन में तालमेल पर विशेष जोर
बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश भाजपा के अनुसार, आगामी पंचायत और नगरपालिका चुनावों को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देने और जनता के बीच पार्टी की गतिविधियों को बढ़ाने पर चर्चा हुई।
पंचायत एवं नगरपालिका चुनावों की तैयारियों को प्रमुखता
राज्य भाजपा महासचिव बिरंचि नारायण त्रिपाठी के अनुसार बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, भविष्य के कार्यक्रमों और आगामी पंचायत एवं नगरपालिका चुनावों की तैयारियों को प्रमुखता दी गई।
पुरंदेश्वरी और स्वदेश सिंह शनिवार को दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचे थे। हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। पुरंदेश्वरी इससे पहले भी नवंबर 2020 से अगस्त 2022 तक ओडिशा भाजपा की प्रभारी रह चुकी हैं। अब दोबारा यह जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका पहला दौरा संगठन की आगामी गतिविधियों और स्थानीय चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम की भी समीक्षा
ओडिशा भाजपा की नवनियुक्त प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और सह-प्रभारी स्वदेश सिंह ने रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिला संगठन के प्रमुख नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक 17 सितंबर से शुरू हुए महीनेभर के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भी समीक्षा की। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किया गया था और इसके तहत 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
प्रदेश भाजपा महासचिव बिरंचि नारायण त्रिपाठी ने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत ओडिशा के सभी 30 जिलों में कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। बैठक में इस कार्यक्रम को लेकर भी विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
