Home / Odisha / बिस्वास के निर्विरोध अध्यक्ष बने इंजीनियर राजकुमार सिंह

बिस्वास के निर्विरोध अध्यक्ष बने इंजीनियर राजकुमार सिंह

  •    एजीएम में सर्वसम्मति से दोबारा मिली जिम्मेदारी

  •     संस्था को और मजबूत बनाने का लिया संकल्प

  •    कुशल नेतृत्व के लिए सदस्यों ने जताया विश्वास

  •   नई कार्ययोजना के साथ संस्था को आगे बढ़ाने का संकल्प

भुवनेश्वर। बिस्वास परिवार ओडिशा की वार्षिक आमसभा (एजीएम) का आयोजन अशोक नगर स्थित सेफ्रान होटल में किया गया। दोपहर करीब 12 बजे आयोजित बैठक में संस्था के अध्यक्ष इंजीनियर राजकुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ अजय बहादुर सिंह, सचिव अशोक कुमार भगत और कोषाध्यक्ष मणिशंकर ठाकुर मंचासीन रहे। बैठक की अध्यक्षता अशोक पाण्डेय ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद बिस्वास परिवार के दिवंगत सदस्यों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत कोषाध्यक्ष मणिशंकर ठाकुर ने विगत सत्र के आय-व्यय का विस्तृत विवरण सभा के समक्ष प्रस्तुत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष डॉ अजय बहादुर सिंह ने कहा कि इंजीनियर राजकुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में बिस्वास परिवार ओडिशा ने पिछले कार्यकाल में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि संस्था की प्रगति और उपलब्धियों पर सभी सदस्यों को गर्व है।

इंजीनियर राजकुमार सिंह ने एजीएम में उपस्थित कटक और भुवनेश्वर के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए अपने कार्यकाल के दौरान संस्था की उपलब्धियों और किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था की मजबूती सामूहिक प्रयास और सदस्यों के सहयोग से ही संभव है।

सर्वसम्मति से फिर मिली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

पुरानी एजीएम के कार्यकाल की अवधि पूरी होने के बाद बैठक के अध्यक्ष अशोक पाण्डेय ने अध्यक्ष पद के लिए इंजीनियर राजकुमार सिंह के नाम की घोषणा की। इसके बाद उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें पुनः बिस्वास का अध्यक्ष निर्वाचित कर दिया। अध्यक्ष पद पर दोबारा निर्विरोध चुने जाने के बाद सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया।

नए कार्यकाल की भावी योजनाओं गिनाईं

अपने नए कार्यकाल की भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए इंजीनियर राजकुमार ने कहा कि संस्था में कोई भी पद या व्यक्ति संस्था से बड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि वे सभी सम्मानित सदस्यों के सहयोग और सुझावों को साथ लेकर बिस्वास को निरंतर विकास और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

एजीएम के दौरान संस्था के कई सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। सदस्यों ने संगठनात्मक मजबूती, आपसी समन्वय और संस्था की गतिविधियों को और व्यापक बनाने पर जोर दिया। બેઠક में उपस्थित सदस्यों ने नए कार्यकाल के लिए इंजीनियर राजकुमार सिंह को शुभकामनाएं दीं और संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

Share this news

About desk

Check Also

बालेश्वर में बीजद छात्र नेता को हिरासत में लेने पर हंगामा

    पुलिस थाने में धरने पर बैठे पार्टी नेता    बीसीजेडी जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान …