-
गांधीजी के आदर्शों पर आगे बढ़ते हुए स्वदेशी, स्वच्छता और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की सेवा को दे रहे हैं प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
भुवनेश्वर, गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को ओडिशा विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी सहित अन्य विशिष्ट लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि दोनों महान विभूतियों का अतुलनीय त्याग, नैतिकता और राष्ट्रसेवा प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने केवल भारत को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाई, बल्कि पूरी दुनिया को नैतिकता, सत्याग्रह और अहिंसा का नया मार्ग दिखाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीजी का प्रमुख सपना समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा करना, स्वच्छता को बढ़ावा देना और स्वदेशी को अपनाना था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इन आदर्शों को साकार करने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है। स्वच्छता आज जनआंदोलन का रूप ले चुकी है, जबकि स्वदेशी की भावना ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए ‘अंत्योदय’ की भावना के साथ गरीबों को सशक्त बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शांतिदूत लाल बहादुर शास्त्री का सादा जीवन, उच्च विचार और ईमानदारी पूरे समाज के लिए आदर्श हैं। उनकी निःस्वार्थ राष्ट्रसेवा और ‘जय जवान, जय किसान’ का ओजस्वी आह्वान देशवासियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता रहा है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री की कर्मनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को आदर्श मानकर समृद्ध ओडिशा और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया तथा गांधीजी के प्रिय भजन ‘रामधुन’ का गायन किया गया।
विधानसभा परिसर में आयोजित प्रार्थना सभा में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के अलावा उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, लोक निर्माण, कानून एवं आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक सरोज कुमार प्रधान, विधायक तथा अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
