-
अग्रसेन जयंती समारोह 2026 का भव्य शुभारंभ; 11 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम
भुवनेश्वर, महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह 2026 के अवसर पर शुक्रवार को भुवनेश्वर में महाराजा अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में मारवाड़ी समाज के विभिन्न संगठनों, संस्थाओं एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। पूरे आयोजन में समाज की एकजुटता, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक शक्ति का भव्य प्रदर्शन हुआ।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ निकली इस शोभायात्रा ने शहर में अग्रसेन महाराज के सामाजिक एवं मानवीय संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
श्री अग्रसेन जयंती समारोह 2026 का आयोजन 2 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों के साथ किया जा रहा है। समारोह के उद्घाटन अवसर पर मारवाड़ भवन, भुवनेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में समाज की विभिन्न प्रमुख संस्थाओं एवं संगठनों ने सहभागिता की।
समारोह में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, खुर्दा इकाई, मारवाड़ी सोसाइटी भुवनेश्वर, मारवाड़ी युवा मंच भुवनेश्वर शाखा, आपनो परिवार भुवनेश्वर, उत्कल प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन, मारवाड़ी महिला समिति भुवनेश्वर, दादी मंडली भुवनेश्वर, मारवाड़ी महिला समिति नंदनकानन, नारायण सेवा भुवनेश्वर तथा राजस्थान फाउंडेशन भुवनेश्वर चैप्टर सहित विभिन्न संगठनों की सहभागिता रही।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न सहभागी संस्थाओं के अध्यक्षों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन, अग्रसेन पत्रिका का विमोचन/हस्तांतरण, स्वागत संबोधन, अध्यक्षीय उद्बोधन तथा विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्षों के संबोधन प्रमुख आकर्षण रहे।
समारोह के दौरान सुडोकू चैलेंज, डिबेट सेशन एवं ओपन क्विज जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंत में समाजबंधुओं के लिए हाई-टी एवं स्नैक्स की व्यवस्था की गई।
समाज की एकजुटता बनी आयोजन की विशेष पहचान
इस वर्ष के अग्रसेन जयंती समारोह में भुवनेश्वर के मारवाड़ी समाज के विभिन्न संगठनों का एक मंच पर आना विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। अलग-अलग संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी ने “एकता, सेवा और सामाजिक सहभागिता” की भावना को मजबूत किया।
समारोह समिति के चेयरमैन श्री अजय अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री किशन बालोदिया, सचिव श्री मुन्नालाल अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष श्री सी.ए. अनुप अग्रवाल सहित कोर कमेटी के सदस्यों एवं अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
2 अक्टूबर को भव्य शुभारंभ के साथ शुरू हुआ यह आयोजन 11 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, सामाजिक समरसता, सेवा और समाज की एकजुटता का संदेश देता रहेगा।
“एकता, सेवा और समरसता के संदेश के साथ अग्रसेन जयंती समारोह 2026”
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal

